मनेंद्रगढ़ ब्रेकिंग: मंत्रिमंडल फेरबदल की अटकलों पर स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल का बड़ा बयान
मनेंद्रगढ़। छत्तीसगढ़ मंत्रिमंडल में संभावित फेरबदल को लेकर चल रही राजनीतिक चर्चाओं के बीच प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने सभी अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया है। दिल्ली दौरे के बाद तेज हुई सियासी हलचल पर उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका दौरा पूरी तरह राज्य के स्वास्थ्य क्षेत्र के विकास से जुड़ा था, न कि किसी राजनीतिक गतिविधि से।
स्वास्थ्य मंत्री ने चुटीले अंदाज में कहा, “दिल्ली कोई इलाज कराने भी जाए, तो लोग मंत्रिमंडल फेरबदल ढूंढ लेते हैं।”
उन्होंने बताया कि वे केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री से छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, नई योजनाओं और विकास कार्यों के संबंध में चर्चा करने के लिए दिल्ली गए थे। इस दौरे का मंत्रिमंडल फेरबदल से कोई संबंध नहीं है।
श्यामबिहारी जायसवाल ने कहा कि उनकी प्राथमिकता प्रदेश की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है और इसी उद्देश्य से केंद्र सरकार के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है।
दिल्ली दौरे को लेकर चल रही राजनीतिक अटकलों पर विराम लगाते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने साफ संदेश दिया कि उनका दौरा फेरबदल के लिए नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के विकास के लिए था।
खबर जागरण न्यूज (देश की आवाज) एमसीबी

