भाजपा सरकार रिहायशी क्षेत्रों में शराब संस्कृति को बढ़ावा देने में लगी – कांग्रेस
जिला आबकारी अधिकारी को सौंपा ज्ञापन, कलेक्टर से मुलाकात कर की शिकायत, वार्ड क्रमांक 16 में प्रस्तावित शराब दुकान एवं अहाता निरस्त करने की मांग
राजेश सिन्हा,8319654988
मनेंद्रगढ़,एमसीबी। जिला कांग्रेस कमेटी ने वार्ड क्रमांक 16, टी.वी. टावर रोड पार्क व्यू होटल क्षेत्र में प्रस्तावित अंग्रेजी शराब दुकान एवं अहाता खोले जाने के विरोध में जिला आबकारी अधिकारी को ज्ञापन सौंपा तथा जिला कलेक्टर से मुलाकात कर शिकायत दर्ज कराते हुए अनुमति तत्काल निरस्त करने की मांग की।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि भाजपा सरकार एक ओर महिलाओं की सुरक्षा और सामाजिक मूल्यों की बात करती है, वहीं दूसरी ओर घनी आबादी वाले रिहायशी क्षेत्रों में शराब दुकानें और अहाते खोलने की तैयारी कर रही है। यह सरकार की दोहरी नीति को उजागर करता है। कांग्रेस जनता की भावनाओं के साथ खड़ी है और इस जनविरोधी निर्णय को किसी भी कीमत पर लागू नहीं होने देगी।
जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष कृष्ण मुरारी तिवारी ने कहा कि वार्ड क्रमांक 16 में बड़ी संख्या में परिवार, महिलाएं, बच्चे एवं वरिष्ठ नागरिक निवास करते हैं। ऐसे क्षेत्र में शराब दुकान एवं अहाता खोलना सामाजिक वातावरण, कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है। भाजपा सरकार केवल राजस्व बढ़ाने के लिए जनता की सुरक्षा से समझौता कर रही है।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेंद्रगढ़ शहर के अध्यक्ष सौरव मिश्रा ने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेशभर में शराब को बढ़ावा देने का काम कर रही है। स्थानीय नागरिक इस प्रस्ताव का लगातार विरोध कर रहे हैं। कांग्रेस ने जिला आबकारी अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर तथा कलेक्टर से मिलकर स्पष्ट कर दिया है कि यदि जनभावनाओं के विपरीत इस प्रस्ताव को आगे बढ़ाया गया तो कांग्रेस व्यापक जनआंदोलन करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
ब्लॉक कांग्रेस महामंत्री एवं कांग्रेस के पार्षद प्रत्याशी रहे स्नेहिल शुक्ला एवं युवा कांग्रेस नेता व्यंकटेश सिंह ने कहा कि आवासीय क्षेत्र में शराब दुकान एवं अहाता खोलना सामाजिक समरसता को बिगाड़ने वाला निर्णय है। प्रशासन को राजनीतिक दबाव में नहीं, बल्कि जनहित और कानून व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए तत्काल इस प्रस्ताव को निरस्त करना चाहिए।
कांग्रेस नेताओं ने कलेक्टर को बताया कि प्रस्तावित स्थल के आसपास घनी आबादी, धार्मिक स्थल तथा प्रतिदिन बड़ी संख्या में आने-जाने वाले नागरिक हैं। ऐसे स्थान पर शराब दुकान एवं अहाता खुलने से महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा प्रभावित होगी तथा क्षेत्र का सामाजिक वातावरण खराब होगा।
इस अवसर पर एनएसयूआई जिला अध्यक्ष कासिम अंसारी, जिला कांग्रेस प्रवक्ता भावेश जैन, व्यंकटेश सिंह, अजीत सिंह, शैफ तथा निखिल सहित कांग्रेस एवं एनएसयूआई के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रशासन से मांग की है कि वार्ड क्रमांक 16 में प्रस्तावित अंग्रेजी शराब दुकान एवं अहाता की अनुमति तत्काल निरस्त की जाए। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि भाजपा सरकार और प्रशासन ने जनभावनाओं की अनदेखी करते हुए इस प्रस्ताव को आगे बढ़ाया, तो कांग्रेस जनता के साथ मिलकर चरणबद्ध लोकतांत्रिक आंदोलन शुरू करेगी।
खबर जागरण न्यूज (देश की आवाज) एमसीबी
