Oplus_16908288
वी क्लब समर्पण की पहल: ब्यूटी वेलनेस के जरिए छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने की सीख
मनेन्द्रगढ़।वी क्लब समर्पण मनेन्द्रगढ़ द्वारा 2 फरवरी को नवीन शासकीय कन्या महाविद्यालय परिसर में “स्वावलंबनारी सेमिनार” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को आत्मनिर्भरता, आत्मविश्वास और स्वरोजगार के प्रति जागरूक एवं प्रेरित करना रहा।
सेमिनार का मुख्य आकर्षण एकता ब्यूटी पार्लर की संचालिका निधि अग्रवाल रहीं। उन्होंने लाइव डेमो के माध्यम से छात्राओं को मेकअप, स्किन केयर और हेयर केयर से जुड़ी व्यावहारिक और रोजगारपरक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सौंदर्य केवल बाहरी दिखावे तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वच्छता, आत्मविश्वास और करियर के अवसरों से भी जुड़ा हुआ क्षेत्र है।
निधि अग्रवाल ने मेकअप के सही तरीकों, त्वचा की देखभाल और बालों से जुड़ी आम समस्याओं के समाधान को सरल भाषा में समझाया। उन्होंने यह भी बताया कि सीमित संसाधनों में भी महिलाएं ब्यूटी केयर के क्षेत्र में स्वरोजगार शुरू कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकती हैं। उनकी प्रस्तुति को छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सराहा।
नारी स्वावलंबन विषय पर विचार रखते हुए रजनी अग्रवाल ने कहा कि आज की महिलाओं को शिक्षा के साथ कौशल विकास पर भी ध्यान देना चाहिए। इंद्रा सेंगर ने कहा कि छोटे-छोटे हुनर भी महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाकर समाज में सम्मान दिला सकते हैं। वहीं निधि अग्रवाल ने अपने अनुभव साझा करते हुए निरंतर अभ्यास, सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास को सफलता की कुंजी बताया।
इस अवसर पर क्लब अध्यक्ष बबीता अग्रवाल, रजनी अग्रवाल सहित वरिष्ठ सदस्य इंद्रा सेंगर, प्रीति जायसवाल, प्रतिभा अग्रवाल, कविता, मंजू, वीरांगना अर्चना पोद्दार, रूपा, लीना शाह, माधुरी एवं क्लब की अन्य सदस्य उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का समापन प्रेरणादायी संदेशों और छात्राओं के उत्साह के साथ हुआ, जिससे नारी स्वावलंबन की भावना और मजबूत हुई।

