मनेंद्रगढ़ के छात्र शैलेन्द्र विश्वकर्मा ने अंतरराष्ट्रीय रोबोटिक्स प्रतियोगिता में पाया दूसरा स्थान
एमसीबी। मनेंद्रगढ़ क्षेत्र के लिए गर्व की बात है कि स्थानीय छात्र शैलेन्द्र कुमार विश्वकर्मा ने अंतरराष्ट्रीय स्तर की रोबोटिक्स प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान प्राप्त किया है। शैलेन्द्र कुमार विश्वकर्मा, स्वर्गीय ओमप्रकाश विश्वकर्मा के पुत्र हैं तथा मनेंद्रगढ़ नगर पंचायत क्षेत्र के लालपुर वार्ड क्रमांक 17 गौटिया के निवासी हैं।
शैलेन्द्र वर्तमान में अंबिकापुर स्थित सिद्धार्थ कॉन्वेंट स्कूल में कक्षा 11वीं में गणित विषय से अध्ययन कर रहे हैं। उन्हें बचपन से ही वर्किंग मॉडल और रोबोटिक्स में विशेष रुचि रही है, जिसके चलते उन्होंने लगातार मेहनत और नवाचार के माध्यम से यह उपलब्धि हासिल की।
वेल्लोर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (VIT), चेन्नई में 29 जनवरी 2026 को आयोजित अंतरराष्ट्रीय स्तर के रोबोटिक्स इवेंट में शैलेन्द्र के वर्किंग मॉडल का चयन किया गया था। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों से लगभग 1100 प्रतिभागियों ने भाग लिया था। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच शैलेन्द्र ने अपने नवाचार और तकनीकी कौशल का शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया।
शैलेन्द्र की इस उपलब्धि से उनके परिवार, विद्यालय और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों और शिक्षकों ने उनकी सफलता को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
राजेश सिन्हा 8319654988
