मनेंद्रगढ़ : डीएफओ मनीष कश्यप निलंबित, अमर्यादित भाषा प्रयोग पर विभाग की कार्रवाई
राजेश सिन्हा 8319654988
मनेंद्रगढ़। एमसीबी जिले के वनमंडल मनेंद्रगढ़ में पदस्थ डीएफओ मनीष कश्यप को वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने निलंबित कर दिया है। विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार अमर्यादित तरीके से अपशब्दों का प्रयोग करने के आरोप में यह कार्रवाई की गई है।
जारी आदेश में डीएफओ मनीष कश्यप को निलंबन अवधि के दौरान अरण्य भवन, नवा रायपुर अटल नगर में संबद्ध किया गया है। विभागीय कार्रवाई के बाद वन विभाग में हड़कंप की स्थिति देखी जा रही है।
बताया जा रहा है कि डीएफओ मनीष कश्यप लंबे समय से विवादों के घेरे में रहे हैं। इससे पहले भी पूर्ववर्ती सरकार के दौरान तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ग्रामीणों की शिकायत के आधार पर उन्हें निलंबित किया था।
हालिया कार्रवाई को विभागीय अनुशासन से जोड़कर देखा जा रहा है। विभाग द्वारा मामले की विस्तृत जांच की संभावना भी जताई जा रही है।
वनमंडल मनेंद्रगढ़ में डीएफओ के पद पर उनकी पदस्थापना के दौरान कई बार विवाद सामने आए थे, जिसके बाद अब विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए निलंबन की कार्रवाई की है।

