मनेन्द्रगढ़ के युवा पार्षद की पहल लाई रंग, 11 महिलाओं को मिला उज्ज्वला कनेक्शन
मनेन्द्रगढ़। प्रधानमंत्री उज्ज्वला 3.0 योजना के तहत गैस एजेंसी परिसर में आयोजित वितरण कार्यक्रम में वार्ड क्रमांक 22 की 11 पात्र महिलाओं को निःशुल्क गैस कनेक्शन एवं चूल्हा वितरित किया गया। युवा पार्षद स्वप्निल सिन्हा के प्रयासों से आमाखेरवा, बदन सिंह मोहल्ला, टीवी टॉवर रोड और केंवट मोहल्ला की हितग्राही महिलाओं को योजना का लाभ मिला।
गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम में पार्षद स्वप्निल सिन्हा की उपस्थिति में हितग्राहियों को विधिवत गैस सिलेंडर और चूल्हा सौंपा गया। इस अवसर पर पार्षद ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि वार्ड में चिन्हित पात्र परिवारों को चरणबद्ध तरीके से उज्ज्वला योजना से जोड़ा जा रहा है, ताकि कोई भी परिवार धुएं वाली रसोई से परेशान न रहे।
उन्होंने कहा कि गैस कनेक्शन मिलने से महिलाओं को लकड़ी और कोयले के चूल्हे के धुएं से राहत मिलेगी। इससे न केवल स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभाव कम होंगे, बल्कि समय की बचत के साथ स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण में भोजन तैयार किया जा सकेगा।
हितग्राहियों ने जताई खुशी
लाभान्वित महिला किरण यादव ने बताया कि पहले उन्हें रोज लकड़ी इकट्ठा करनी पड़ती थी और धुएं में खाना बनाना पड़ता था, जिससे आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी होती थी। अब गैस कनेक्शन मिलने से उनका काम आसान हो गया है।
इसी तरह गीता चौहान ने कहा कि बारिश के दिनों में चूल्हा जलाना काफी मुश्किल होता था, लेकिन अब गैस से जल्दी और आसानी से भोजन बन सकेगा। उन्होंने योजना का लाभ दिलाने के लिए पार्षद का आभार जताया।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में शीतला बाई साहू, अनुराधा सिंह, पुनीता साहू, पार्वती जायसवाल, शिवांगी देवी, किरण यादव, गीता चौहान, ममता चौबे, संजू सिंह, किरण द्विवेदी, अनूप कुमारी, रेनू सेन, छाया अग्रवाल, बिसनिया, माया सिंह, शशि सिंह, कलश, किरण नाई सहित अन्य वार्डवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में पार्षद ने आश्वस्त किया कि जरूरतमंदों को शासन की अन्य योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए भी लगातार प्रयास जारी रहेंगे।
राजेश सिन्हा,8319654988
