एमसीबी में विशेष मोटर वाहन चेकिंग अभियान: मॉडिफाइड साइलेंसर लगाने वाले दो बाइक सवारों की गाड़ियां जब्त, 27 चालकों पर कार्रवाई
एमसीबी।जिला पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र नायक एवं नगर पुलिस अधीक्षक तरसीला टोप्पो के मार्गदर्शन में जिले में विशेष मोटर वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।
इसी क्रम में आज दिनांक 18.02.2026 को पुलिस चौकी खोगापानी, थाना झगराखांड क्षेत्र में एसआई आर.एन. गुप्ता एवं स्टाफ द्वारा सघन वाहन जांच की गई। चेकिंग के दौरान दो वाहन चालकों – मीत मोगरे (निवासी रेलवे कॉलोनी मनेंद्रगढ़) एवं शिवा कोल (निवासी एकता नगर खोगापानी) के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की गई।
जांच में पाया गया कि संबंधित व्यक्तियों द्वारा मोटरसाइकिल में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर वाहन चलाया जा रहा था। इसके साथ ही रजिस्ट्रेशन शर्तों का उल्लंघन, बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन संचालन, सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी, शोर नियंत्रण एवं वायु प्रदूषण मानकों का उल्लंघन तथा बिना बीमा वाहन चलाना भी सामने आया।
पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए दो मोटरसाइकिल जब्त की हैं। इसके अलावा अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करते पाए गए कुल 27 वाहन चालकों के विरुद्ध भी एमवी एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
जिला पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त एवं सतत कार्रवाई जारी रहेगी।
राजेश सिन्हा,8319654988
