जिला अधिवक्ता संघ के मनोज बने अध्यक्ष
मनेन्द्रगढ़। जिला अधिवक्ता संघ के बहुप्रतीक्षित चुनाव शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो गए, जिसमें अधिवक्ता मनोज त्रिपाठी ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज करते हुए संघ की कमान संभाल ली। चुनाव में अधिवक्ताओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली और पूरे दिन मतदान को लेकर उत्साह बना रहा। परिणाम घोषित होते ही अधिवक्ता परिसर में जश्न का माहौल बन गया।
अध्यक्ष पद के लिए हुए सीधे मुकाबले में मनोज त्रिपाठी को 70 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी अधिवक्ता रवि जायसवाल को 57 मत मिले। इस जीत के साथ ही मनोज त्रिपाठी ने संघ में मजबूत नेतृत्व की उम्मीदों को नया आयाम दिया है। वहीं उपाध्यक्ष पद पर अधिवक्ता विनय पाठक ने 84 मत हासिल कर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी समयलाल (40 मत) को पीछे छोड़ते हुए जीत दर्ज की।
सचिव पद पर अधिवक्ता आशीष सिंह ने 65 मतों के साथ एक बार फिर अपनी पकड़ मजबूत साबित की। उनके प्रतिद्वंद्वी अधिवक्ता कमलेश को 53 मत प्राप्त हुए। परिणाम सामने आते ही समर्थकों ने विजयी प्रत्याशियों का जोरदार स्वागत किया और फूल-मालाओं के साथ मिठाइयां बांटकर खुशी का इजहार किया।
कार्यकारिणी सदस्य पद पर अधिवक्ता प्रहलाद श्रीवास्तव, आलोक अग्रवाल, आशीष राय एवं राजेश गुप्ता निर्वाचित हुए। वहीं कई पदों पर निर्विरोध निर्वाचन भी हुआ, जिसमें कोषाध्यक्ष के रूप में अधिवक्ता कुलदीप जायसवाल, महिला उपाध्यक्ष महजबीन खान, सह सचिव प्रदीप शर्मा, पुस्तकालय प्रभारी साय रजवाड़े और सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा सचिव के रूप में अधिवक्ता सविता गुप्ता का चयन हुआ। कार्यकारिणी सदस्य (महिला) के रूप में मंजु बेनी और पूनम गुप्ता को जिम्मेदारी सौंपी गई।
चुनाव अधिकारी अधिवक्ता अशोक सिंह एवं सहायक चुनाव अधिकारी जयलाल सिंह करयाम ने परिणामों की आधिकारिक घोषणा की। निर्वाचन प्रक्रिया को सफल बनाने में अधिवक्ता इजहार तालिब, अभिषेक शर्मा और मीनाक्षी तिवारी का विशेष योगदान रहा।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष मनोज त्रिपाठी एवं सचिव आशीष सिंह ने संयुक्त रूप से कहा, “हम सब मिलकर अधिवक्ता साथियों के हित में काम करेंगे और संघ को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का प्रयास करेंगे।” उन्होंने सभी अधिवक्ताओं का आभार जताते हुए एकजुटता के साथ आगे बढ़ने की अपील की।
राजेश सिन्हा,8319654988
