मेरा वोट, मेरी आवाज : महाविद्यालय में निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित
मनेंद्रगढ़।शासकीय विवेकानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय मनेन्द्रगढ़ में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार एवं जिला प्रशासन एमसीबी के मार्गदर्शन में निर्वाचन साक्षरता क्लब (ईएलसी) के तत्वावधान में ‘मेरा वोट, मेरी आवाज’ विषय पर निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. श्राबनी चक्रवर्ती के संरक्षण में संपन्न हुआ।
प्रतियोगिताओं का आयोजन महाविद्यालय निर्वाचन साक्षरता क्लब के समन्वयक शरणजीत कुजूर के कुशल निर्देशन में किया गया। आयोजन समिति के प्रभारी रंजीत मणि सतनामी एवं अनुपा तिग्गा ने दोनों प्रतियोगिताओं के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
निबंध प्रतियोगिता में संजना कश्यप (बी कॉम तृतीय सेमेस्टर)ने प्रथम तथा अनिरुद्ध पटेल(बी ए पंचम सेमेस्टर) ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में दिशा लकड़ा(बी ए पंचम सेमेस्टर) ने प्रथम एवं सुनील सिंह (बी एस सी पंचम सेमेस्टर)ने द्वितीय स्थान अर्जित किया। प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया, लोकतांत्रिक मूल्यों, मताधिकार के महत्व तथा जागरूक एवं जिम्मेदार मतदाता के रूप में अपनी भूमिका के प्रति जागरूक किया गया।
दोनों प्रतियोगिताओं के मूल्यांकन एवं निर्णयन में प्राध्यापकगण डॉ. सुशील कुमार तिवारी, कमलेश पटेल, स्मृति अग्रवाल, भीमसेन भगत, सुनील कुमार गुप्ता एवं पुष्पराज सिंह का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
कार्यक्रम को सफल बनाने में महाविद्यालय के कार्यालयीन कर्मचारियों मनीष श्रीवास्तव, बी.एल. शुक्ला, सुनीत जॉनसन बड़ा, मीना त्रिपाठी एवं साधना बुनकर सहित अन्य कर्मचारियों का सराहनीय सहयोग रहा।
इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में निर्वाचन संबंधी जागरूकता विकसित करने के साथ-साथ लोकतांत्रिक व्यवस्था में सक्रिय सहभागिता, निष्पक्ष मतदान तथा अपने मताधिकार के प्रति जिम्मेदारी का भाव जागृत करना था।
खबर जागरण न्यूज(देश की खबर)
