भगवान चित्रगुप्त पूजन समारोह की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित, 11 नवंबर को होगा भव्य आयोजन
मेधावी विद्यार्थियों एवं समाज की प्रतिभाओं का होगा सम्मान, पारिवारिक मिलन और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे आकर्षण का केंद्र
मनेंद्रगढ़,एमसीबी। एमसीबी जिला मुख्यालय मनेंद्रगढ़ में चित्रांश परिवार के आराध्य देव भगवान श्री चित्रगुप्त जी के पूजन समारोह को लेकर अखिल भारतीय कायस्थ महासभा जिला एमसीबी द्वारा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी भगवान श्री चित्रगुप्त पूजन, पारिवारिक मिलन, प्रतिभा सम्मान एवं सांस्कृतिक समारोह को भव्य रूप से आयोजित करने की तैयारियों पर चर्चा की गई।
आयोजन आगामी 11 नवंबर 2026, बुधवार को प्रातः 11:30 बजे से किया जाएगा। पूजन के पश्चात दोपहर 1:30 बजे महाप्रसाद एवं सुरुचिपूर्ण भोजन की व्यवस्था रहेगी। वहीं आमजन के लिए खिचड़ी एवं चटनी का वितरण भी किया जाएगा।
कार्यक्रम के दूसरे चरण में दोपहर 2:30 बजे से चित्रांश परिवार परिचय एवं प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित होगा। इसमें कक्षा 10वीं एवं 12वीं में 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही विशेष कायस्थ गौरव सम्मान के अंतर्गत गुरु घासीदास विश्वविद्यालय बिलासपुर की प्रोफेसर आयुषी सिन्हा एवं मानद डॉक्टरेट उपाधि प्राप्त डॉ. रितेश श्रीवास्तव को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा 40 वर्ष से कम आयु के युवा चित्रांश व्यवसायी को भी सम्मान प्रदान किया जाएगा।
समारोह में महिलाओं एवं बच्चों के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी होगा। कार्यक्रम में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागियों को 8 नवंबर तक अपना विवरण देने की अपील की गई है। सभी सांस्कृतिक प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया जाएगा। मंच संचालन श्री विवेक सिन्हा करेंगे।
आयोजन समिति ने मुख्य पूजन में यजमान बनने के इच्छुक चित्रांश परिवारों से 6 नवंबर तक अपनी सहमति देने तथा पूजन दिवस पर सुबह 11 बजे तक पहुंचने का आग्रह किया है। वहीं समाज के सभी बंधुओं एवं मातृशक्ति से पीले रंग के परिधान पहनकर कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की गई है।
इस धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन में मनेंद्रगढ़ के साथ चिरमिरी, खड़गवां सहित पूरे एमसीबी जिले के चित्रांश परिवारों को सपरिवार आमंत्रित किया गया है। आयोजकों ने समाज के सभी लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर सामाजिक एकता, पारिवारिक सद्भाव एवं सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत बनाने की अपील की है।
खबर जागरण न्यूज(देश की आवाज)
