शासकीय विवेकानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय में गूंजा ईमानदारी का संदेश
‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ थीम पर भाषण एवं पोस्टर प्रतियोगिताओं का आयोजन, विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
एमसीबी। शासकीय विवेकानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सतर्कता जागरूकता पखवाड़ा 2026 के अंतर्गत व्याख्यान, भाषण एवं पोस्टर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. श्राबनी चक्रवर्ती के संरक्षण एवं अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस वर्ष कार्यक्रम की मुख्य थीम ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ रही।
केंद्रीय सतर्कता आयोग के निर्देश, एसईसीएल हसदेव क्षेत्र महाप्रबंधक कार्यालय एवं उच्च शिक्षा विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में नैतिकता, पारदर्शिता, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना था।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य प्रो. श्राबनी चक्रवर्ती ने महात्मा गांधी के सत्य एवं अहिंसा के सिद्धांतों का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को ईमानदारी और सत्यनिष्ठा के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विभिन्न प्रेरक उदाहरणों एवं कहानियों के माध्यम से जीवन में नैतिक मूल्यों के महत्व को समझाया।
कार्यक्रम की शुरुआत भाषण प्रतियोगिता से हुई, जिसमें कुल 22 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इसके साथ ही पोस्टर प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता के माध्यम से ईमानदारी और सत्यनिष्ठा का संदेश प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम संयोजक डॉ. सरोज बाला श्याग बिश्नोई ने उपस्थित विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि सत्यनिष्ठा का अर्थ केवल ईमानदारी नहीं, बल्कि अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ पालन करना है। इससे समाज में विश्वास और जवाबदेही की भावना मजबूत होती है।
राजनीति विज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (महिला इकाई) की कार्यक्रम अधिकारी अनूपा तिग्गा ने कहा कि सत्यनिष्ठा जीवन में ईमानदारी और विश्वास का आधार है। सत्य के मार्ग पर चलने से भ्रष्टाचार एवं अन्याय को कम किया जा सकता है। वहीं वाणिज्य विभाग की विभागाध्यक्ष स्मृति अग्रवाल ने कहा कि ईमानदारी का अर्थ है सही काम करना, तब भी जब कोई हमें देख नहीं रहा हो। समृद्धि का मतलब केवल धन-संपत्ति नहीं, बल्कि आत्मिक शांति, आपसी भरोसा और निरंतर विकास भी है।
प्रतियोगिताओं के विजेताओं को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
भाषण प्रतियोगिता में एमए राजनीति विज्ञान प्रथम सेमेस्टर की छात्रा अनीशा शर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं विपिन कुमार सेन, महफूज आलम एवं तरुण कुमार बिंद को द्वितीय एवं तृतीय स्थान के विजेताओं के रूप में सम्मानित किया गया।
पोस्टर प्रतियोगिता में बीकॉम प्रथम सेमेस्टर के शुभम मांझी ने प्रथम स्थान, बीसीए प्रथम सेमेस्टर की छात्रा वंशिका सोनी ने द्वितीय स्थान तथा बीकॉम तृतीय सेमेस्टर की छात्रा संजना कश्यप एवं एमए राजनीति विज्ञान की छात्रा अनीशा शर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम का मंच संचालन सह-संयोजक डॉ. नसीमा बेगम अंसारी ने किया तथा आभार प्रदर्शन कार्यक्रम संयोजक डॉ. सरोज बाला श्याग बिश्नोई ने किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. प्रभा राज, डॉ. रश्मि तिवारी, डीआर अरुणिमा दत्ता, रंजीतमणि सतनामी, पुष्पराज सिंह, प्रकाश दास मानिकपुरी, रामनिवास गुप्ता सहित महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापकों एवं कार्यालयीन कर्मचारियों का विशेष सहयोग रहा।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि व्यक्तिगत जीवन से लेकर सामाजिक और राष्ट्रीय विकास तक हर क्षेत्र में ईमानदारी एवं सत्यनिष्ठा बेहद जरूरी है। सत्यनिष्ठा को अपनाकर ही एक सशक्त, पारदर्शी और समृद्ध समाज का निर्माण किया जा सकता है।
खबर जागरण न्यूज (देश की आवाज)
