मनेन्द्रगढ़ कॉलेज को मिली बड़ी सौगात: हिंदी, इतिहास और प्राणिशास्त्र में शुरू होंगी स्नातकोत्तर कक्षाएं
मनेन्द्रगढ़। उच्च शिक्षा के क्षेत्र में मनेन्द्रगढ़ के लिए एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। शासकीय विवेकानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मनेन्द्रगढ़ को वर्तमान शैक्षणिक सत्र से हिंदी, इतिहास एवं प्राणिशास्त्र विषयों में स्नातकोत्तर (पीजी) कक्षाएं संचालित करने की शासन से अनुमति मिल गई है। इस नई स्वीकृति के बाद महाविद्यालय में अब कुल सात विषयों में स्नातकोत्तर शिक्षा उपलब्ध होगी।
इस उपलब्धि पर महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. श्राबनी चक्रवर्ती के नेतृत्व में प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल ने मनेन्द्रगढ़ स्थित गेस्ट हाउस पहुंचकर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री एवं स्थानीय विधायक का पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया। प्रतिनिधिमंडल ने तीन नए स्नातकोत्तर विषयों की स्वीकृति के लिए मंत्री द्वारा किए गए प्रयासों के प्रति आभार व्यक्त किया।
प्राचार्य प्रो. चक्रवर्ती ने बताया कि नए विषयों के शुरू होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए अन्य शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इससे न केवल विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर मिलेंगे, बल्कि पूरे क्षेत्र में उच्च शिक्षा का विस्तार भी होगा।
इस दौरान महाविद्यालय प्रशासन ने मंत्री के समक्ष अन्य महत्वपूर्ण मांगें भी रखीं। इनमें अर्थशास्त्र, अंग्रेजी, वनस्पति शास्त्र, भौतिक शास्त्र एवं गृहविज्ञान विषयों में भी स्नातकोत्तर कक्षाएं प्रारंभ करने का अनुरोध शामिल है। साथ ही लगभग 3000 नियमित एवं स्वाध्यायी विद्यार्थियों की संख्या को देखते हुए अतिरिक्त भवन निर्माण और अधोसंरचना विकास की आवश्यकता भी बताई गई।
महाविद्यालय जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह राणा ने भी मंत्री को कॉलेज की मूलभूत आवश्यकताओं से अवगत कराते हुए उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का आग्रह किया।
मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने महाविद्यालय परिवार को नई स्वीकृतियों के लिए शुभकामनाएं देते हुए आश्वस्त किया कि विद्यार्थियों के हितों और उच्च शिक्षा के विकास को ध्यान में रखते हुए अन्य मांगों पर भी गंभीरतापूर्वक विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिले में शैक्षणिक अधोसंरचना को मजबूत करने और उच्च शिक्षा के अवसर बढ़ाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
कार्यक्रम में डॉ. सुशील कुमार तिवारी, पुष्पराज सिंह, रामनिवास गुप्ता, सुमित तिवारी, अभिषेक सिंह, मनीष श्रीवास्तव एवं सुनित जानसन बड़ा सहित महाविद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
राजेश सिन्हा,8319654988
