कांग्रेस पार्षदों ने कलेक्टर से की मुलाकात, नगर की समस्याओं को लेकर सौंपे ज्ञापन
मनेंद्रगढ़। नगर की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस पार्षदों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को एमसीबी कलेक्टर से सौजन्य भेंट कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राजकुमार केसरवानी, नेता प्रतिपक्ष अनिल प्रजापति, यूथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष, पूर्व एल्डरमैन, सांसद प्रतिनिधि, महिला कांग्रेस की पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष गीतिका चंदेल सहित कई जनप्रतिनिधि एवं पार्षद शामिल रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने सबसे पहले कलेक्टर का पुष्पगुच्छ भेंट कर मनेंद्रगढ़ में पदस्थापना पर स्वागत एवं अभिनंदन किया। इसके बाद नगर से जुड़े विभिन्न मुद्दों को विस्तार से उनके समक्ष रखा गया।
नेता प्रतिपक्ष अनिल प्रजापति ने नगर पालिका के लंबित बजट का मुद्दा उठाते हुए कहा कि जनवरी-फरवरी में प्रस्तुत किया जाने वाला बजट अब तक परिषद के समक्ष नहीं रखा गया है। उन्होंने परिषद की बैठक बुलाकर बजट संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की।
वरिष्ठ पार्षद अजय जायसवाल ने नगर पालिका के कार्यों में पारदर्शिता की कमी और पार्षद निधि के उपयोग पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मरम्मत कार्यों के लिए शासन से प्राप्त होने वाली राशि के उपयोग का विवरण परिषद के समक्ष प्रस्तुत नहीं किया गया है। साथ ही नगर पालिका द्वारा विभिन्न करों एवं शुल्कों से प्राप्त आय की जानकारी सार्वजनिक करने तथा कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
पार्षद गिरधर जायसवाल एवं वार्ड क्रमांक 11 के पार्षद मुकेश अग्रवाल ने अपने-अपने वार्डों की विद्युत समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। वहीं वार्ड क्रमांक 15 की पार्षद किरण कुजूर ने पेयजल आपूर्ति की समस्या उठाते हुए कहा कि जब महीने में केवल 15 दिन पानी उपलब्ध कराया जाता है तो पूरे माह का शुल्क लेना उचित नहीं है।
वार्ड क्रमांक 7 की पार्षद कृतिका रवि जैन ने शहर के मुख्य बाजार एवं मध्य क्षेत्र में लगातार हो रही विद्युत कटौती का मुद्दा उठाते हुए नया ट्रांसफार्मर स्थापित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि पूरे शहर का व्यावसायिक भार एक ही ट्रांसफार्मर पर होने के कारण बार-बार बिजली बाधित हो रही है।
वार्ड क्रमांक 22 के पार्षद स्वप्निल सिन्हा ने स्लम बस्तियों में पेयजल संकट, मुक्तिधाम में पानी की समस्या, कोडाकू बस्ती में पाइपलाइन विस्तार, जलापूर्ति के दबाव की जांच, बंद समर्सिबल पंपों को चालू कराने तथा केवट मोहल्ला स्थित जर्जर झिरिया के जीर्णोद्धार की मांग रखी।
महिला कांग्रेस की पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष गीतिका चंदेल ने महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और शिकायतों के त्वरित निराकरण की मांग की।
पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राजकुमार केसरवानी एवं हाफिज मेमन ने नगर की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था में सुधार और उनके नियमित संचालन की मांग की।
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने नगरवासियों की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग करते हुए कहा कि जनहित के मुद्दों को लगातार उठाया जाता रहेगा। इस दौरान कलेक्टर ने सभी जनप्रतिनिधियों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
कांग्रेस पार्षदों ने चेतावनी दी कि यदि जनसमस्याओं और नगर पालिका में कथित अनियमितताओं पर उचित कार्रवाई नहीं की गई तो वे जनआंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए बाध्य होंगे।
राजेश सिन्हा,8319654988


