जिला स्तरीय ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का हुआ समापन, खिलाड़ियों ने सीखे खेल के गुर
मनेन्द्रगढ़। जिला प्रशासन एवं खेल विभाग के तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का मंगलवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ। यह शिविर 13 मई 2026 से 2 जून 2026 तक आयोजित किया गया, जिसमें कक्षा पहली से बारहवीं तक अध्ययनरत बालक-बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शिविर के दौरान प्रतिभागियों को एथलेटिक्स, क्रिकेट, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, कबड्डी, फुटबॉल, कराते सहित विभिन्न खेलों का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण प्रतिदिन प्रातः 6 बजे से 8:30 बजे तक तथा सायं 4:30 बजे से 7 बजे तक संचालित किया गया। खेल प्रशिक्षण से पूर्व खिलाड़ियों को वार्मअप एवं शारीरिक व्यायाम भी कराया जाता था, जिसमें बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता निभाई।
समापन समारोह में खिलाड़ियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि शिविर के माध्यम से उन्हें खेलों की बारीकियों को सीखने और अपने कौशल को निखारने का अवसर मिला। प्रतिभागियों ने प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रशिक्षण से उन्हें भविष्य में बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिली है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा यादव उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथियों में भाजपा जिला एमसीबी के उपाध्यक्ष श्री आशीष सिंह, वार्ड पार्षद श्रीमती सुशीला सिंह, श्रीमती माया सोनकर, जिला शिक्षा अधिकारी आर.पी. मिरे, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती इंद्रा मिश्रा, जिला खेल अधिकारी विनोद जायसवाल सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सभी खेल प्रशिक्षकों एवं सहयोगियों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में श्री रणधीर, श्री शिवकुमार चौधरी, श्री किशोरदास, श्री सुमित जायसवाल, श्री कैनेन्द्र साहू, श्री किशन केवट, श्री हेमलाल सहित अन्य खेल प्रशिक्षक एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे।
समापन समारोह के दौरान खिलाड़ियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए तथा भविष्य में भी खेल गतिविधियों में निरंतर भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया। आयोजन के सफल संचालन पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने खेल विभाग तथा प्रशिक्षकों की सराहना की।
राजेश सिन्हा,8319654988

