एमसीबी में गांजा तस्करों पर पुलिस का शिकंजा, दो कारों से 5.70 क्विंटल से गांजा जब्त
मनेंद्रगढ़(एमसीबी)। जिले के नागपुर चौकी क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो कारों से करीब 5.70 क्विंटल से अधिक गांजा बरामद किया है। पुलिस की मौजूदगी का आभास होते ही तस्कर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। फिलहाल पुलिस ने गांजा और दोनों वाहनों को जब्त कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नागपुर चौकी पुलिस बीती रात क्षेत्र में नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान उजियापुर स्कूल के पास दो संदिग्ध कारें खड़ी दिखाई दीं। पुलिस टीम ने जब वाहनों की जांच की तो उनके भीतर पैकेटों में बड़ी मात्रा में गांजा रखा हुआ मिला।
पुलिस ने तत्काल दोनों वाहनों को अपने कब्जे में लेकर चौकी पहुंचाया, जहां गांजे की तौल और वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार जब्त गांजे की मात्रा 6 क्विंटल से अधिक बताई जा रही है।
नागपुर चौकी पुलिस ने बताया कि कार्रवाई के समय मौके पर कोई भी आरोपी मौजूद नहीं था। आशंका है कि पुलिस की गतिविधियों को देखकर तस्कर वाहन छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राथमिक जांच में दोनों कारें ओडिशा राज्य में पंजीकृत पाई गई हैं। वाहनों के नंबर और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर वाहन मालिकों एवं तस्करी में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच की जाएगी और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
राजेश सिन्हा,8319654988
