पहले ही प्रयास में सीए बने मधुर अग्रवाल, ऑल इंडिया रैंक 51 हासिल कर बढ़ाया मनेन्द्रगढ़ का मान
राजेश सिन्हा,8319654988
मनेन्द्रगढ़। मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के बल पर सफलता की नई इबारत लिखते हुए शहर के युवा मधुर अग्रवाल ने चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) परीक्षा में शानदार सफलता हासिल की है। शहर के प्रतिष्ठित समाजसेवी रहे सम्पत अग्रवाल परिवार व गांधी चौक के समीप संचालित ड्रीम्स कलेक्शन के संचालक मनीष अग्रवाल के पुत्र मधुर ने अपने प्रथम प्रयास में ही सीए परीक्षा उत्तीर्ण कर न केवल परिवार बल्कि पूरे मनेन्द्रगढ़ जिले को गौरवान्वित किया है। सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि उन्होंने देशभर में 51वीं रैंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
मधुर की सफलता इसलिए भी विशेष मानी जा रही है क्योंकि उन्होंने इस कठिन परीक्षा की तैयारी बिना किसी ट्यूशन और कोचिंग के की। उन्होंने घर पर रहकर स्व-अध्ययन के माध्यम से परीक्षा की तैयारी की और कठिन परिश्रम के दम पर यह मुकाम हासिल किया। देश की सबसे चुनौतीपूर्ण पेशेवर परीक्षाओं में शामिल सीए परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक प्राप्त करना किसी भी छात्र के लिए बड़ी उपलब्धि माना जाता है।
मधुर की सफलता की खबर सामने आते ही परिवार में खुशी का माहौल बन गया। परिजनों, रिश्तेदारों, मित्रों तथा नगरवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। शहर के विभिन्न सामाजिक, व्यापारिक एवं शैक्षणिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी मधुर की उपलब्धि को मनेन्द्रगढ़ के लिए गर्व का विषय बताया है।
अपनी सफलता का श्रेय मधुर ने माता-पिता के सहयोग, अनुशासित अध्ययन और निरंतर प्रयास को दिया। उनका कहना है कि यदि किसी लक्ष्य को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ हासिल करने का प्रयास किया जाए तो सफलता अवश्य मिलती है। उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि आत्मविश्वास और निरंतर मेहनत ही किसी भी बड़े लक्ष्य तक पहुंचने की सबसे मजबूत सीढ़ी है।
मधुर अग्रवाल की इस उपलब्धि ने जिले के विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है। सीमित संसाधनों और बिना कोचिंग के हासिल की गई यह सफलता उन युवाओं के लिए प्रेरणा है जो बड़े सपने देखते हैं और उन्हें साकार करने का साहस रखते हैं। मनेन्द्रगढ़ के इस होनहार युवा ने अपनी मेहनत से साबित कर दिया है कि दृढ़ संकल्प के आगे कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता।
खबर जागरण न्यूज (देश की आवाज) एमसीबी
