भाजपा सरकार ने युवाओं के भविष्य से किया खिलवाड़, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान दें इस्तीफा – कांग्रेस
राजेश सिन्हा,8319654988
मनेंद्रगढ़। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी,मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर द्वारा जिला कांग्रेस कार्यालय में देशभर में सामने आए पेपर लीक के मामलों को लेकर प्रेस वार्ता आयोजित की गई। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता लगातार कमजोर हुई है और लाखों युवाओं का भविष्य असुरक्षित हो गया है।
एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडे ने कहा कि भाजपा सरकार युवाओं को रोजगार देने में विफल रही है और जो युवा वर्षों तक मेहनत करके प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, उनके भविष्य के साथ भी खिलवाड़ किया जा रहा है। नीट सहित कई परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं ने केंद्र सरकार की नाकामी को उजागर कर दिया है। उन्होंने मांग की कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा दें, पेपर लीक के पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाए और दोषियों के साथ-साथ उन्हें संरक्षण देने वालों पर भी कठोर कार्रवाई की जाए।
कार्यक्रम प्रभारी एवं जिला कांग्रेस महामंत्री पूनम सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार युवाओं के भविष्य की सुरक्षा करने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। शिक्षा व्यवस्था में लगातार अव्यवस्था बढ़ रही है, लेकिन सरकार जवाबदेही तय करने के बजाय अपनी विफलताओं पर पर्दा डालने में लगी हुई है। कांग्रेस शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार और पारदर्शी परीक्षा प्रणाली लागू करने की मांग करती है।
पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रभा पटेल ने कहा कि हर पेपर लीक लाखों परिवारों के सपनों को तोड़ देता है। भाजपा सरकार को युवाओं से माफी मांगनी चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि भविष्य में किसी भी परीक्षा की निष्पक्षता पर सवाल न उठे।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेंद्रगढ़ ग्रामीण अध्यक्ष रामनरेश पटेल ने कहा कि गरीब, किसान और ग्रामीण परिवारों के बच्चे कठिन परिस्थितियों में पढ़ाई कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन भाजपा सरकार की लापरवाही के कारण उनकी वर्षों की मेहनत एक झटके में बर्बाद हो जाती है। यह युवाओं के साथ अन्याय है।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेंद्रगढ़ शहर अध्यक्ष सौरव मिश्रा ने कहा कि भाजपा सरकार का पूरा ध्यान युवाओं को रोजगार और सुरक्षित भविष्य देने के बजाय अपनी राजनीतिक छवि बचाने में लगा है। बार-बार होने वाले पेपर लीक यह साबित करते हैं कि सरकार परीक्षा प्रणाली को सुरक्षित रखने में असफल रही है। कांग्रेस पार्टी मांग करती है कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान तत्काल इस्तीफा दें, पेपर लीक के सभी दोषियों और उनके संरक्षणकर्ताओं पर सख्त कार्रवाई हो तथा देश की शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार कर ऐसी पारदर्शी और जवाबदेह परीक्षा प्रणाली लागू की जाए जिससे युवाओं का विश्वास दोबारा कायम हो सके।
प्रेस वार्ता के अंत में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा और कांग्रेस पार्टी छात्रों एवं अभ्यर्थियों की आवाज को सड़क से सदन तक मजबूती से उठाती रहेगी।
खबर जागरण (देश की आवाज) एमसीबी
