विश्व जनसंख्या दिवस पर चैनपुर में जागरूकता की अलख, रैली निकालकर परिवार कल्याण और स्वच्छता का दिया संदेश
राजेश सिन्हा,8319654988
एमसीबी/चैनपुर। विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिला कार्यक्रम अधिकारी आदित्य शर्मा के निर्देशन में शुक्रवार को ग्राम पंचायत चैनपुर में जागरूकता कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को जनसंख्या संतुलन, परिवार कल्याण एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि ग्राम पंचायत चैनपुर की सरपंच श्रीमती मीना कुमारी रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना एवं अतिथियों के स्वागत के साथ हुई।
इस अवसर पर मनेंद्रगढ़ की पर्यवेक्षक श्रीमती शिल्पा अग्रवाल ने विश्व जनसंख्या दिवस मनाने के उद्देश्य, भारत के संदर्भ में इसकी प्रासंगिकता तथा बढ़ती जनसंख्या के सामाजिक एवं आर्थिक प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने सभी से जनसंख्या नियंत्रण के प्रति जिम्मेदारी निभाने और छोटे परिवार की अवधारणा को अपनाने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि सरपंच श्रीमती मीना कुमारी ने भी ग्रामीणों से परिवार नियोजन के उपाय अपनाने की अपील करते हुए कहा कि संतुलित जनसंख्या से ही स्वस्थ और समृद्ध समाज का निर्माण संभव है।
कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता समन्वयक श्रीमती प्रभा प्यासी ने बरसात के मौसम में होने वाली बीमारियों से बचाव के लिए घर एवं आसपास साफ-सफाई बनाए रखने का संदेश दिया। वहीं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पीएलवी अंजनी यादव एवं अजय विश्वकर्मा ने भी कार्यक्रम में सहभागिता निभाते हुए लोगों को सामाजिक जागरूकता और कानूनी अधिकारों की जानकारी दी।
कार्यक्रम का समापन जागरूकता रैली के साथ हुआ। रैली में ग्रामीणों एवं महिलाओं ने गांव के प्रमुख मार्गों से पदयात्रा करते हुए जनसंख्या संतुलन, परिवार कल्याण और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। अंत में सभी उपस्थित लोगों को जनसंख्या नियंत्रण एवं स्वच्छता बनाए रखने की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम को सफल बनाने में पर्यवेक्षक शिल्पा अग्रवाल, रत्ना सिदार, वीणा वर्मा, जेंडर विशेषज्ञ शैलजा गुप्ता, सखी वन स्टॉप सेंटर की प्रशासक प्रियंका राजवाड़े, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं का विशेष योगदान रहा।
खबर जागरण न्यूज (देश की आवाज) एमसीबी
