एमसीबी जिला में लॉ कॉलेज की मांग तेज, एलएलबी की पढ़ाई के लिए छात्रों को जाना पड़ता है बाहर
राजेश सिन्हा,8319654988
एमसीबी।मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले में आज भी एक शासकीय या निजी एलएलबी (लॉ) कॉलेज का अभाव है। इसके कारण हर वर्ष बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं को कानून की पढ़ाई के लिए रायपुर, अंबिकापुर, बिलासपुर, रायगढ़, कोरबा अथवा अन्य शहरों का रुख करना पड़ता है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के कई विद्यार्थी केवल कॉलेज की अनुपलब्धता के कारण अपनी इच्छा के बावजूद एलएलबी की पढ़ाई नहीं कर पाते।
स्थानीय विद्यार्थियों और अभिभावकों का कहना है कि यदि एमसीबी जिले में एलएलबी कॉलेज की स्थापना होती है तो जिले के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों के छात्रों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा। बाहर पढ़ने के लिए लगने वाला भारी खर्च, किराया, हॉस्टल और अन्य खर्चों से राहत मिलेगी।
एमसीबी जिले में हाल के वर्षों में मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग और स्वास्थ्य शिक्षा से जुड़े संस्थानों के विकास पर जोर दिया गया है। ऐसे में अब लोगों की मांग है कि जिले में लॉ कॉलेज की भी स्थापना की जाए, ताकि कानून की पढ़ाई करने के इच्छुक युवाओं को अपने ही जिले में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।
शिक्षा से जुड़े लोगों का मानना है कि जिले में लॉ कॉलेज खुलने से न केवल छात्रों को सुविधा मिलेगी, बल्कि भविष्य में अधिवक्ता, न्यायिक सेवा और अन्य विधिक क्षेत्रों में करियर बनाने वाले युवाओं की संख्या भी बढ़ेगी। इससे जिले में उच्च शिक्षा के नए अवसर पैदा होंगे और स्थानीय स्तर पर शिक्षा का विस्तार होगा।
खबर जागरण न्यूज (देश की आवाज) एमसीबी
