एमसीबी को मिली बड़ी सौगात: मनेन्द्रगढ़ मेडिकल कॉलेज को NMC की मंजूरी, 2026-27 से 50 एमबीबीएस सीटों पर होगा प्रवेश
राजेश सिन्हा,8319654988
मनेन्द्रगढ़/एमसीबी। मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले के लिए बड़ी खुशखबरी है। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (National Medical Commission – NMC) के मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड (MARB) ने गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज, मनेन्द्रगढ़ को शैक्षणिक सत्र 2026-27 से संचालन की औपचारिक अनुमति (Letter of Permission) प्रदान कर दी है।
12 जुलाई 2026 को जारी अनुमति पत्र के अनुसार, गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज, मनेन्द्रगढ़ में 50 एमबीबीएस सीटों पर प्रवेश की स्वीकृति दी गई है। कॉलेज का संचालन पंडित दीनदयाल उपाध्याय मेमोरियल हेल्थ साइंस एवं आयुष विश्वविद्यालय, छत्तीसगढ़ से संबद्ध रहेगा।
एनएमसी ने मेडिकल कॉलेज के आवेदन, निरीक्षण रिपोर्ट एवं उपलब्ध सुविधाओं का परीक्षण करने के बाद यह अनुमति जारी की है। इसके साथ ही एमसीबी जिला अब प्रदेश के उन जिलों में शामिल हो गया है, जहां सरकारी मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की पढ़ाई शुरू होगी।
इस स्वीकृति से न केवल जिले के विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में ही मेडिकल शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा, बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं को भी नई मजबूती मिलेगी। मेडिकल कॉलेज के शुरू होने से विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
यह उपलब्धि लंबे समय से जिले की जनता की मांग रही है और अब एनएमसी की औपचारिक अनुमति मिलने के बाद मेडिकल कॉलेज में प्रवेश प्रक्रिया शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है।
मुख्य बिंदु:एनएमसी ने गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज मनेन्द्रगढ़ को दी अनुमति।शैक्षणिक सत्र 2026-27 से शुरू होगी एमबीबीएस की पढ़ाई।50 एमबीबीएस सीटों पर मिलेगा प्रवेश।एमसीबी जिले में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा बड़ा लाभ।
- खबर जागरण (न्यूज देश की आवाज) एमसीबी
