पूर्वांचल सेवा समिति ने कलेक्टर से की मुलाक़ात, सामुदायिक भवन के लिए भूमि आवंटन की मांग
राजेश सिन्हा,8319654988
मनेन्द्रगढ़/एमसीबी। पूर्वांचल सेवा समिति, मनेन्द्रगढ़ ने पूर्वांचल समाज के लिए सामुदायिक भवन निर्माण हेतु भूमि आवंटित करने की मांग को लेकर जिला प्रशासन से पुनः आग्रह किया है। समिति का कहना है कि वर्षों से बड़ी संख्या में पूर्वांचलवासी कोयलांचल हसदेव क्षेत्र एवं मनेन्द्रगढ़ में निवास कर रहे हैं, लेकिन आज तक समाज के पास कोई अपना सामुदायिक भवन नहीं है।
समिति के अनुसार सामाजिक, सांस्कृतिक एवं वैवाहिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए उपयुक्त भवन उपलब्ध नहीं होने से समाज के लोगों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। समिति ने बताया कि समाज के लगभग 80 प्रतिशत सदस्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग से हैं और अधिकांश लोग दैनिक मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। ऐसे में निजी भवन किराए पर लेकर कार्यक्रम आयोजित करना उनके लिए संभव नहीं हो पाता।
समिति ने बताया कि 23 दिसंबर 2025 को नगरपालिका अध्यक्ष के माध्यम से आमाखेरवा स्थित रेस्क्यू ऑफिस के समीप खाली भूमि के आवंटन के लिए कलेक्टर कार्यालय में आवेदन प्रस्तुत किया गया था, लेकिन अब तक इस पर कोई निर्णय नहीं लिया गया है।
इसके साथ ही समिति ने नार्थ झगराखाण्ड के तेन्दूडाड़ रोड स्थित खसरा क्रमांक 225 एवं 226 की भूमि को भी सामुदायिक भवन निर्माण के लिए उपयुक्त बताया है। समिति का कहना है कि यह स्थान लेदरी, झगराखाण्ड, खोंगापानी और मनेन्द्रगढ़ के मध्य स्थित होने के कारण सभी क्षेत्रों के लोगों के लिए आसानी से पहुंच योग्य है।
पूर्वांचल सेवा समिति ने जिला प्रशासन से अनुरोध किया है कि प्रस्तावित स्थलों में से किसी एक भूमि का आवंटन समिति के नाम पर किया जाए, ताकि समाज के लोग सामाजिक, सांस्कृतिक और वैवाहिक कार्यक्रमों का आयोजन अपने सामुदायिक भवन में कर सकें।
समिति ने विश्वास जताया है कि जिला प्रशासन उनकी वर्षों पुरानी मांग पर सकारात्मक निर्णय लेकर पूर्वांचल समाज को बड़ी सौगात देगा।
खबर जागरण न्यूज (देश की आवाज) एमसीबी
