जल संरक्षण के प्रयासों से दिखने लगे सकारात्मक परिणाम, 18वीं वाहिनी ने बनाया 3000 घन मीटर जल भंडारण
राजेश सिन्हा,8319654988
मनेंद्रगढ़/एमसीबी।18वीं विशेष भारत रिजर्व वाहिनी, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, चेंनपुर (जिला एमसीबी) द्वारा पिछले छह माह से जल संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों का सकारात्मक परिणाम अब वर्षा ऋतु में दिखाई देने लगा है।
वाहिनी के कमांडिंग ऑफिसर संजय शर्मा के मार्गदर्शन में अधिकारियों एवं जवानों ने स्टॉप डैम का निर्माण कराया, जिससे लगभग 90 मीटर लंबे और 12 मीटर चौड़े नाले में 6 से 8 फीट गहराई तक करीब 3000 घन मीटर वर्षा जल का संचयन हो चुका है। इससे भू-जल स्तर बढ़ने के साथ ही परिसर में लगाए गए 2100 से अधिक पौधों को गर्मी के मौसम में भी पर्याप्त पानी मिल सकेगा।
स्टॉप डैम के दोनों किनारों पर उपजाऊ मिट्टी में विशेषज्ञों की सलाह से लगभग 25 प्रजातियों के 200 से अधिक फूलों के पौधे लगाए गए हैं। इससे परिसर एक आकर्षक स्थल के रूप में विकसित हो रहा है, जिसका लाभ वाहिनी परिसर में रहने वाले परिवारों के साथ आगंतुकों को भी मिलेगा।
इसके अलावा स्थानीय सुरभि पार्क में पतंजलि योग समिति के सहयोग से नियमित फिटनेस सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। आगामी 26 जुलाई 2026 (रविवार) को प्रातः 5:30 बजे से 8:00 बजे तक आयोजित होने वाले 30वें सत्र में रायपुर से आने वाले फिटनेस विशेषज्ञ द्वारा एरोबिक्स एवं जुम्बा का निःशुल्क प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
खबर जागरण न्यूज(देश की आवाज) एमसीबी

