FSSAI की ‘निरंतर वैधता’ व्यवस्था छत्तीसगढ़ में लागू करने की मांग, CAIT ने स्वास्थ्य मंत्री को सौंपा ज्ञापन
मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने अधिकारियों को दिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश, खाद्य कारोबारियों को मिलेगी बड़ी राहत
राजेश सिन्हा,8319654988
रायपुर। देश के सबसे बड़े व्यापारिक संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) के प्रतिनिधिमंडल ने नेशनल वाइस चेयरमैन एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड (भारत सरकार) के सदस्य अमर पारवानी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में भारत सरकार के भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) द्वारा 10 मार्च 2026 को जारी अधिसूचना के अनुरूप खाद्य व्यवसाय लाइसेंस एवं पंजीयन की “निरंतर वैधता (Continuous Validity)” व्यवस्था को छत्तीसगढ़ में भी जल्द लागू करने की मांग की गई।
अमर पारवानी ने कहा कि भारत सरकार की यह नई व्यवस्था Ease of Doing Business को बढ़ावा देने वाला महत्वपूर्ण कदम है। इसके लागू होने से खाद्य व्यवसायियों को लाइसेंस एवं पंजीयन के बार-बार नवीनीकरण की प्रक्रिया से राहत मिलेगी। साथ ही अनावश्यक प्रशासनिक औपचारिकताएं कम होंगी, व्यापार संचालन अधिक सरल, पारदर्शी और सुगम होगा तथा विभागीय कार्यप्रणाली में भी दक्षता आएगी।
CAIT ने अपने ज्ञापन में राज्य सरकार से अनुरोध किया कि केंद्र सरकार की अधिसूचना के अनुरूप आवश्यक प्रशासनिक एवं तकनीकी प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर इस व्यवस्था को प्रदेश में लागू किया जाए, ताकि हजारों खाद्य व्यवसाय संचालकों को इसका सीधा लाभ मिल सके और छत्तीसगढ़ व्यापार सुगमता के क्षेत्र में और मजबूत राज्य बन सके।
प्रतिनिधिमंडल की बात सुनने के बाद स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए बैठक के दौरान ही संबंधित विभागीय अधिकारियों से दूरभाष पर चर्चा की और आवश्यक कार्रवाई शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए। मंत्री की त्वरित एवं सकारात्मक पहल पर CAIT प्रतिनिधिमंडल ने उनका आभार व्यक्त किया और विश्वास जताया कि नई व्यवस्था लागू होने से प्रदेश के हजारों खाद्य कारोबारियों को बड़ी राहत मिलेगी।
प्रतिनिधिमंडल में रहे शामिल
स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात के दौरान CAIT प्रतिनिधिमंडल में अमर पारवानी, अवनीत सिंह, राम मंधान, भरत जैन, निलेश मुंदड़ा, व्रिकांत राठौर एवं मनीष सोनी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
खबर जागरण न्यूज (देश की आवाज) एमसीबी
