बरसात के बाद संवरेंगी खोंगापानी की सड़कें, विकास कार्यों के चलते हुई असुविधा पर विधायक रेणुका सिंह का बड़ा बयान
एमसीबी:नगर पंचायत खोंगापानी में आयोजित कार्यकर्ता कार्यशाला के दौरान भरतपुर-सोनहत विधायक एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह ने क्षेत्र की सड़कों की स्थिति को लेकर एक महत्वपूर्ण बयान दिया है। उन्होंने नागरिकों को आश्वस्त किया है कि बारिश का मौसम बीतते ही खोंगापानी सहित क्षेत्र की सभी प्रभावित सड़कों का निर्माण और मरम्मत कार्य प्राथमिकता के आधार पर शुरू कर दिया जाएगा।
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस को सुशासन दिवस के रूप में मनाने जिला कार्यकर्ता कार्यशाला में शामिल होने खोंगापानी पहुंचीं रेणुका सिंह से जब स्थानीय सड़कों की स्थिति पर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने पूरे सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ स्थिति को स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष पूरे क्षेत्र में अत्यधिक बारिश हुई है, जिससे अंबिकापुर, प्रेमनगर समेत कई स्थानों की सड़कें प्रभावित हुई हैं।
विकास कार्यों के कारण हो रही है अस्थायी असुविधा
खोंगापानी में सड़कों की वर्तमान स्थिति का मुख्य कारण क्षेत्र में चल रहा चौमुखी विकास कार्य है। नगर पंचायत में प्रधानमंत्री की बेहद महत्वपूर्ण और महत्वाकांक्षी ‘हर घर नल-जल योजना’ के तहत पाइपलाइन बिछाने का काम तेजी से चल रहा है। घर-घर तक स्वच्छ पेयजल पहुँचाने के लिए सड़क के दोनों किनारों पर खुदाई कर पाइप बिछाए जा रहे हैं।
विधायक रेणुका सिंह ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों के दौरान थोड़ी बहुत असुविधा होना स्वाभाविक है, लेकिन यह स्थिति अस्थायी है। मानसून के दौरान डामरीकरण या पक्की सड़क का निर्माण संभव नहीं होता, इसलिए बारिश खत्म होते ही निर्माण कार्य को गति दी जाएगी।
SECL प्रबंधन ने की टेंडर प्रक्रिया पूरी होने की बात कही
स्थानीय प्रशासन और SECL (साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड) के अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, खोंगापानी की मुख्य सड़क के निर्माण के लिए टेंडर की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। SECL प्रबंधन के अधिकारियों ने भी पुष्टि की है कि बारिश का मौसम समाप्त होते ही नए रोड का निर्माण कार्य धरातल पर शुरू कर दिया जाएगा।
जल जीवन मिशन के माध्यम से हर घर पानी पहुँचाने की योजना और SECL द्वारा स्वीकृत नई सड़क के निर्माण से आने वाले दिनों में खोंगापानी की तस्वीर पूरी तरह बदलने वाली है। विधायक के इस आश्वासन और विकास कार्यों की प्रगति से स्थानीय निवासियों में जल्द ही बेहतर बुनियादी सुविधाएँ मिलने की उम्मीद जग गई है।
राजेश सिन्हा,8319654988


