सेवा भारती छात्रावास में बालिकाओं का स्वास्थ्य व नेत्र परीक्षण संपन्न; नेत्रदान जागरूकता अभियान भी चला
मनेंद्रगढ़।भाग्य रेच वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा सेवा भारती समिति मनेंद्रगढ़ के श्री नीरज अग्रवाल की सहमति और विशेष सहयोग से सेवा भारती छात्रावास मनेंद्रगढ़ में बालिकाओं के लिए एक दिवसीय निशुल्क स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर के दौरान प्रसिद्ध नेत्र विशेषज्ञ डॉ. भाषिता साहू द्वारा छात्रावास की बालिकाओं के आंखों की गहन जांच की गई। इसके साथ ही उन्होंने छात्राओं को आंखों की देखरेख, दैनिक सुरक्षा और विभिन्न नेत्र रोगों से बचाव के उपयोगी सुझाव दिए। डॉ. साहू ने बताया कि 25 अगस्त से 8 सितंबर तक 41वां ‘राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़ा’ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर उन्होंने बालिकाओं को नेत्रदान का महत्व समझाते हुए इसके प्रति जागरूक किया।
स्वास्थ्य एवं साफ-सफाई के प्रति किया जागरूक
फाउंडेशन की ओर से आए मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. अनुराग गुप्ता, डॉ. योगेश शर्मा एवं डॉ. राहुल बघेल ने छात्राओं का सामान्य शारीरिक परीक्षण किया। डॉक्टरों की टीम ने बच्चों को व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित खान-पान और मौसमी बीमारियों से बचाव के तरीके बताए। परीक्षण के दौरान सामान्य मौसमी बीमारियों (सर्दी, खांसी, बुखार) से पीड़ित छात्राओं को निशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। इसके अलावा संस्था की ओर से बच्चों को लेखन सामग्री भी प्रदान की गई।
4 छात्राओं में दृष्टि दोष की पहचान
जांच के दौरान 4 छात्राएं दृष्टि दोष (कम दृष्टि) से पीड़ित पाई गईं, जिनके चश्मे का नंबर जांचा गया और उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।
इस शिविर के सफल संचालन में नेत्र सहायक अधिकारी श्री आर. डी. दीवान एवं रविन्द्र मिश्रा ने जांच में महत्वपूर्ण योगदान दिया। वहीं छात्रावास अधीक्षका सोनिया सिंह ने व्यवस्था और परीक्षण में अपना सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
भविष्य में भी जारी रहेंगे निशुल्क शिविर: डॉ. अनुराग गुप्ता
डॉ. अनुराग गुप्ता ने कहा कि भाग्य रेच वेलफेयर फाउंडेशन का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने प्रतिबद्धता जताते हुए कहा कि भविष्य में भी सुदूर और ग्रामीण क्षेत्रों में इसी प्रकार के निशुल्क शिविर आयोजित कर लोगों को स्वास्थ्य जांच व दवाइयां उपलब्ध कराई जाएंगी।
राजेश सिन्हा, 8319654988


