ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के प्रतिष्ठित कार्यक्रम में शामिल होंगी झगराखंड की शिक्षिका इशिता पांडे
‘इंडियाज बेस्ट टीचर्स अवॉर्ड्स 2026’ में बनीं कंप्यूटर साइंस विषय की राष्ट्रीय विजेता
मनेन्द्रगढ़। केंद्रीय विद्यालय SECL झगराखंड की कंप्यूटर साइंस शिक्षिका इशिता पांडे ने शिक्षा के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल कर मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) जिले का नाम गौरवान्वित किया है। शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह में उन्हें ‘इंडियाज बेस्ट टीचर्स अवॉर्ड्स 2026’ में सरकारी स्कूल श्रेणी के अंतर्गत कंप्यूटर साइंस विषय की राष्ट्रीय विजेता चुना गया।
यह प्रतिष्ठित पुरस्कार शिव नादर फाउंडेशन और ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के Saïd Business School से जुड़े कार्यक्रम के तहत प्रदान किया गया। प्रतियोगिता में देश के 32 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से 9,400 से अधिक शिक्षकों ने नामांकन कराया था।
राष्ट्रीय फाइनल का आयोजन शिव नादर विश्वविद्यालय, नई दिल्ली में किया गया। कई चरणों की कठोर चयन प्रक्रिया के बाद कुल 16 राष्ट्रीय विजेताओं का चयन हुआ, जिनमें सरकारी और निजी स्कूल श्रेणी से आठ-आठ शिक्षक शामिल हैं।
ऑक्सफोर्ड में मिलेगा विशेष प्रशिक्षण
राष्ट्रीय विजेता बनने के बाद इशिता पांडे को University of Oxford के Saïd Business School में एक सप्ताह के विशेष शैक्षणिक एवं नेतृत्व कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही वे पांच सप्ताह के ऑनलाइन प्रोफेशनल डेवलपमेंट कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगी।
नवाचार को अंतरराष्ट्रीय जूरी ने सराहा
राष्ट्रीय फाइनल के दौरान इशिता पांडे के शिक्षा क्षेत्र में किए गए नवाचारों की अंतरराष्ट्रीय जूरी ने विशेष सराहना की। जूरी सदस्य डॉ. क्रिस्टीना यान झांग और कैरी लोमास ने उनके कार्य को उल्लेखनीय बताया।
डॉ. झांग ने इशिता पांडे द्वारा विकसित CS Labs सॉफ्टवेयर को विशेष रूप से सराहते हुए इसके लिए बौद्धिक संपदा (IP) संरक्षण, एजुकेशन ग्रांट हासिल करने और इस नवाचार को व्यापक स्तर तक पहुंचाने की दिशा में आगे बढ़ने का सुझाव दिया।
विद्यालय परिवार के सहयोग को दिया श्रेय
अपनी इस उपलब्धि पर इशिता पांडे ने इसका श्रेय विद्यालय के प्राचार्य बी. एस. श्रीवास्तव के निरंतर प्रोत्साहन एवं सहयोग तथा पूरे विद्यालय परिवार को दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालय में नवाचार और तकनीक आधारित शिक्षण को प्रोत्साहित करने वाले सकारात्मक वातावरण ने उन्हें अपने प्रयोगों को आगे बढ़ाने का अवसर दिया।
इशिता पांडे की इस राष्ट्रीय उपलब्धि पर केंद्रीय विद्यालय संगठन के रायपुर संभाग, विद्यालय परिवार एवं स्थानीय समुदाय ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उनकी यह उपलब्धि न केवल झगराखंड बल्कि पूरे MCB जिले के लिए गौरव का विषय है।
राजेश सिन्हा,8319654988

