चैनपुर में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम, पोषण माह के तहत महिलाओं और बच्चों को किया जागरूक
मनेन्द्रगढ़। सेवा संकल्प अभियान के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा ग्राम चैनपुर के ग्राम पंचायत भवन में पोषण माह 2026 एवं आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में न्योता भोज सहित विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से महिलाओं, बच्चों और गर्भवती महिलाओं को पोषण एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य उचित नारायण सिंह उपस्थित रहे। वहीं सरपंच चैनपुर मीना कुमारी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सुरेश श्रीवास्तव, परियोजना अधिकारी मनेन्द्रगढ़ शशि जायसवाल, ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक आरती टोप्पो, उप सरपंच मदन सिंह सहित पंच अकरम, कोमल प्रसाद, राजकुमारी, हीराकली एवं बबली उपस्थित रहीं। अतिथियों का महिला एवं बाल विकास विभाग, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं महिलाओं द्वारा स्वागत किया गया।
कार्यक्रम का संचालन परियोजना मनेन्द्रगढ़ ग्रामीण की पर्यवेक्षक शिल्पा अग्रवाल ने किया। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आंगन मिलन सेवा के उद्देश्य की जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं आशा दीदियों का सम्मान किया गया तथा पोषण माह के दौरान हितग्राहियों से संवाद कर उन्हें पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया।
परियोजना अधिकारी शशि जायसवाल ने महिलाओं से छत्तीसगढ़ शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर संवाद किया। उन्होंने कहा कि जन्मदिन, शादी की सालगिरह या अन्य विशेष अवसरों पर लोग अपने नजदीकी आंगनबाड़ी केंद्र में न्योता भोज का आयोजन कर बच्चों के साथ खुशियां साझा कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि कुपोषित बच्चों के लिए चिरमिरी में विशेष कैंप का आयोजन किया जा रहा है, जहां शासन द्वारा कुपोषित बच्चों का निःशुल्क उपचार किया जाएगा।
25 बच्चों को कराया गया न्योता भोज
ग्राम पंचायत भवन परिसर में न्योता भोज के अंतर्गत 25 बच्चों को भोजन कराया गया। वहीं अन्न दान महादान कार्यक्रम के तहत 20 गर्भवती महिलाओं को भोजन कराया गया। स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता के अंतर्गत चयनित पांच बच्चों के पालकों को सुपोषण टोकरी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना एवं महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों से संवाद किया गया तथा 10 महिलाओं को सम्मानित किया गया। सरपंच चैनपुर द्वारा खिलौना दान योजना के तहत 25 बच्चों को स्लेट का वितरण किया गया।
मुनगा पौधरोपण और पौष्टिक थाली प्रतियोगिता
कार्यक्रम के दौरान ‘हर घर मुनगा, घर-घर मुनगा’ अभियान के तहत मुनगा के पौधे लगाए गए। महिलाओं द्वारा पौष्टिक थाली का प्रदर्शन किया गया और व्यंजन प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया।
इसके अलावा कुर्सी दौड़ सहित विभिन्न खेल एवं मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की गईं। विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं बसंती, राधा, प्रीति, पार्वती एवं प्रियंका सहित सहायिकाओं को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिले के विभिन्न ग्रामों में इस तरह के आंगन मिलन एवं सेवा संकल्प कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं और बच्चों को पोषण, स्वास्थ्य तथा शासन की योजनाओं की जानकारी देने के साथ उन्हें अपने अधिकारों एवं योजनाओं के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
राजेश सिन्हा,8319654988

