भगवान श्री चित्रगुप्त की आराधना में सराबोर हुआ कायस्थ समाज, धूमधाम से मनाया उत्सव
मेधावी विद्यार्थियों से लेकर विशिष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाली प्रतिभाओं का हुआ सम्मान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
मनेंद्रगढ़,एमसीबी। जिला मुख्यालय मनेंद्रगढ़ स्थित श्री चित्रगुप्त मंदिर में अखिल भारतीय कायस्थ महासभा द्वारा कलम के आराध्य देव भगवान श्री चित्रगुप्त जी का पूजनोत्सव श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पूजा-अर्चना, हवन एवं आरती संपन्न हुई। इस धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन में कायस्थ समाज के महिला, पुरुष, युवा और बच्चों सहित बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए। सभी ने भगवान श्री चित्रगुप्त के चरणों में शीश नवाकर परिवार और समाज की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
आयोजन में धार्मिक आस्था के साथ पारिवारिक मिलन, सामाजिक एकजुटता और प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की अनूठी झलक देखने को मिली। कार्यक्रम की शुरुआत समाज के लोगों के आत्मीय स्वागत से हुई। मंदिर परिसर में प्रवेश करने वाले समाजजनों को रोली-चंदन का तिलक लगाकर एवं बैज पहनाकर अभिनंदन किया गया। इसके पश्चात हवन-पूजन और भव्य आरती के साथ धार्मिक कार्यक्रम संपन्न हुए।
पारिवारिक मिलन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बढ़ाई रौनक
कार्यक्रम को यादगार बनाने के लिए आकर्षक सेल्फी जोन तैयार किया गया था, जहां समाज के लोगों ने परिवार एवं परिचितों के साथ तस्वीरें खिंचवाकर आयोजन की यादों को संजोया। वहीं प्रसाद वितरण के साथ खिचड़ी प्रसाद एवं सामूहिक भोज की व्यवस्था की गई। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में समाज के बच्चों ने आकर्षक एवं मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
आयोजन की एक खास पहल यह रही कि मंच से समाज के प्रत्येक सदस्य को अपने परिवार का परिचय देने का अवसर दिया गया। इससे समाज के परिवारों के बीच आपसी परिचय, संवाद और मेल-मिलाप को बढ़ावा मिला। इस पहल को सामाजिक एकजुटता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना गया।
शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान
कायस्थ महासभा द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कक्षा 12वीं में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाली श्रेयशी श्रीवास्तव (87 प्रतिशत), स्नेहा श्रीवास्तव (85.8 प्रतिशत) एवं शुभ सागर सिन्हा (84.2 प्रतिशत) को सम्मानित किया गया।
इसी क्रम में कक्षा 10वीं में शानदार प्रदर्शन करने वाले अथर्व श्रीवास्तव (95 प्रतिशत), नमन श्रीवास्तव (94.8 प्रतिशत), स्वर्णा श्रीवास्तव (93.4 प्रतिशत) एवं स्तुति श्रीवास्तव (87 प्रतिशत) को सम्मान प्रदान किया गया। सम्मान पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे। महासभा की इस पहल का उद्देश्य समाज के बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करना और उनकी मेहनत को उचित पहचान देना रहा।
खेल एवं विभिन्न क्षेत्रों की उपलब्धियों पर मिला कायस्थ गौरव सम्मान
खेल के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाली अपेक्षा श्रीवास्तव को भी सम्मानित किया गया। उन्होंने सरगुजा ओलंपिक 2026 की खो-खो प्रतियोगिता में प्रथम तथा रिले रेस में द्वितीय स्थान प्राप्त कर समाज का नाम रोशन किया।
वहीं विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाली तीन प्रतिभाओं को कायस्थ गौरव सम्मान से नवाजा गया। इनमें गुरु घासीदास विश्वविद्यालय में प्रोफेसर पद पर चयनित प्रो. आयुषी सिन्हा, मानद डॉक्टरेट की उपाधि प्राप्त करने वाले डॉ. रितेश श्रीवास्तव तथा बीडीएस (डेंटल) की उपाधि प्राप्त करने वाली डॉ. अमूल्या रानी शामिल रहीं। समाज की इन उपलब्धियों को उपस्थित लोगों ने गौरवपूर्ण बताते हुए प्रतिभाओं की सराहना की।
बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम में बच्चों द्वारा दी गई सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। नन्हे कलाकारों ने अपनी कला, प्रतिभा और आत्मविश्वास से सभी का दिल जीत लिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले सभी बच्चों को कायस्थ महासभा की ओर से पुरस्कृत किया गया। इस पहल के माध्यम से बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
आयोजन में योगदान देने वाले समाजजनों का किया गया सम्मान
कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने वाले समाज के बीरेंद्र श्रीवास्तव, नरेंद्र श्रीवास्तव, डीके श्रीवास्तव, सत्येंद्र सिन्हा, अरविंद श्रीवास्तव, अभिषेक सिन्हा एवं विकास श्रीवास्तव को शॉल-श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया।
इसके साथ ही आयोजन की व्यवस्थाओं एवं सफल संचालन में राजेश सिन्हा, रूपेश श्रीवास्तव, विकास श्रीवास्तव, पवन श्रीवास्तव एवं पंकज श्रीवास्तव सहित अन्य समाजजनों का सराहनीय योगदान रहा। कार्यक्रम का मंच संचालन विवेक सिन्हा एवं नीतू श्रीवास्तव ने किया, जबकि अरविंद श्रीवास्तव ने भी मंच संचालन में विशेष सहयोग प्रदान किया।
धार्मिक आयोजन के साथ सामाजिक एकता का दिया संदेश
भगवान श्री चित्रगुप्त की आराधना से शुरू हुआ यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि समाज की प्रतिभाओं को सम्मान देने, नई पीढ़ी को प्रोत्साहित करने और परिवारों को एक-दूसरे से जोड़ने का महत्वपूर्ण मंच बना। आयोजन ने यह संदेश दिया कि समाज की वास्तविक शक्ति उसकी शिक्षा, संस्कार, प्रतिभा और आपसी एकजुटता में निहित है। पूरे कार्यक्रम में उत्साह, उल्लास और सामाजिक सौहार्द का वातावरण बना रहा।
खबर जागरण न्यूज(देश की आवाज)
रिपोर्ट – राजेश सिन्हा,एमसीबी(छ.ग.)
