दीपावली पर व्यापारियों को मिली फुटकर नोटों की सौगात, कैट ने सेंट्रल बैंक के सहयोग से किया वितरण
मनेंद्रगढ़। दीपावली के त्योहार पर बाजारों में खरीदारी का दौर तेज हो जाता है। ऐसे में व्यापारियों और छोटे दुकानदारों को ग्राहकों को खुले पैसे लौटाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। खासकर फुटकर नोटों की कमी के चलते व्यापारिक गतिविधियों में भी दिक्कतें आती हैं।
व्यापारियों की इसी समस्या को देखते हुए एमसीबी जिला मुख्यालय मनेंद्रगढ़ में कैट (कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स) की जिला इकाई ने सेंट्रल बैंक के सहयोग से फुटकर नोटों का वितरण किया।
इस दौरान सेंट्रल बैंक के शाखा प्रबंधक एवं कैट जिला इकाई के अध्यक्ष रघुनाथ पोद्दार अपनी टीम के साथ शहर के विभिन्न बाजारों में पहुंचे। उन्होंने दुकानदारों, व्यापारियों के साथ-साथ सड़क किनारे ठेले लगाकर अपना व्यवसाय करने वाले छोटे व्यापारियों को भी फुटकर नोट वितरित किए।
कैट की इस पहल से दीपावली के अवसर पर व्यापारियों को काफी राहत मिली है। छोटे व्यापारियों ने इस सहयोग के लिए कैट जिला इकाई एवं सेंट्रल बैंक का आभार जताया।
कैट जिला इकाई की इस पहल को व्यापारियों की रोजमर्रा की समस्याओं को समझते हुए त्योहार के समय उन्हें राहत पहुंचाने की सराहनीय कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।
खबर जागरण न्यूज (देश की आवाज)
मनेंद्रगढ़, एमसीबी | छत्तीसगढ़
