सियासी बयानबाज़ी पड़ी भारी? सरजू यादव की छुट्टी, महेंद्रपाल सिंह की एंट्री
मनेंद्रगढ़।छत्तीसगढ़ प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल (विधायक, विधानसभा क्षेत्र–मनेंद्रगढ़ 02) ने विधायक प्रतिनिधि पद पर बड़ा बदलाव करते हुए श्री सरजू यादव के स्थान पर महेंद्रपाल सिंह की नियुक्ति की है। इस निर्णय के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
बताया जा रहा है कि सरजू यादव को हटाए जाने के कयास पहले से ही लगाए जा रहे थे। वे कई बार सार्वजनिक मंचों से स्वास्थ्य मंत्री के खिलाफ बयानबाजी कर चुके थे, जिसके चलते संगठन और राजनीतिक गलियारों में असहज स्थिति बन रही थी। ऐसे में यह बदलाव पहले से तय रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।
नई नियुक्ति के बाद नगर मंडल मनेंद्रगढ़ के सभी ज्येष्ठ-श्रेष्ठ कार्यकर्ताओं ने महेंद्रपाल सिंह को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। कार्यकर्ताओं ने उम्मीद जताई है कि उनके नेतृत्व में क्षेत्र में संगठन और अधिक सशक्त होगा तथा विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह नियुक्ति संगठनात्मक संतुलन साधने और आगामी रणनीति को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। अब देखना होगा कि इस बदलाव का क्षेत्रीय राजनीति पर क्या असर पड़ता है।
राजेश सिन्हा,8319654988
