कोरिया कॉलरी में सीसी सड़क निर्माण पर भ्रष्टाचार के आरोप, भुगतान रोकने की मांग; जांच नहीं हुई तो उग्र आंदोलन की चेतावनी
राजेश सिन्हा,8319654988
चिरमिरी/एमसीबी। कोरिया कॉलरी के बड़ा ग्राउंड से सिद्धबाबा मंदिर तक निर्माणाधीन सीसी सड़क को लेकर एक बार फिर विवाद गहरा गया है। स्थानीय निवासियों ने सड़क निर्माण में भारी अनियमितताओं और गुणवत्ता में कमी का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री और संबंधित अधिकारियों से निष्पक्ष जांच कराने तथा भुगतान रोकने की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, अटल नगर से 18 सितंबर 2025 को जारी आदेश के तहत बड़ा ग्राउंड से सिद्धबाबा मंदिर तक सीसी सड़क निर्माण का कार्य ठेकेदार अजय साहू को आवंटित किया गया था। आरोप है कि निर्माण कार्य में निर्धारित मापदंडों का पालन नहीं किया गया और गुणवत्ता से समझौता किया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण के दौरान पहाड़ी की आवश्यकता से अधिक कटाई कर दी गई, जिससे बरसात में पहाड़ के कटाव और बड़ी संख्या में पेड़-पौधों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। इसके अलावा सड़क किनारे उचित नाली का निर्माण नहीं होने से बारिश में सड़क क्षतिग्रस्त होने का खतरा भी बना हुआ है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि कई स्थानों पर रिटेनिंग वॉल का निर्माण आवश्यक होने के बावजूद इसे नजरअंदाज किया गया।
शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि अतिरिक्त भुगतान के उद्देश्य से अनुमानित लागत (स्टीमेट) के विपरीत अधिक मात्रा में पहाड़ काटा गया और अब लगभग 77 लाख रुपये का बिल भुगतान के लिए प्रस्तुत किया जा रहा है। उन्होंने मांग की है कि किसी स्वतंत्र एजेंसी अथवा अन्य इंजीनियर से कार्य का भौतिक निरीक्षण और तकनीकी मूल्यांकन कराने के बाद ही भुगतान किया जाए।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि निर्माण कार्य में कथित अनियमितताओं में ठेकेदार के साथ बिल तैयार करने वाले अधिकारियों की भी संलिप्तता प्रतीत होती है। इसलिए निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई है।
उग्र आंदोलन की चेतावनी
स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई और भुगतान रोककर तकनीकी जांच नहीं कराई गई, तो कोरिया कॉलरी के निवासी उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी नगर पालिक निगम चिरमिरी के अधिकारियों एवं संबंधित जिम्मेदारों की होगी।
(नोट: यह खबर शिकायत पत्र में लगाए गए आरोपों के आधार पर तैयार की गई है। संबंधित ठेकेदार एवं नगर निगम अधिकारियों का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।)
खबर जागरण न्यूज (देश की आवाज) एमसीबी
