हसदेव क्षेत्र में ‘नारी राग-रंग महोत्सव–2026’ का भव्य समापन, विजेताओं को बिलासपुर ग्रैंड फाइनल का मिला मौका
राजेश सिन्हा,8319654988
हसदेव क्षेत्र,एमसीबी। श्रद्धा महिला मंडल एवं मानव संसाधन विभाग, एसईसीएल बिलासपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय “नारी राग-रंग महोत्सव–2026” का शुक्रवार को वसुंधरा क्लब, क्षेत्रीय मुख्यालय हसदेव क्षेत्र में रंगारंग एवं गरिमामय समापन हुआ। कार्यक्रम में महिला प्रतिभागियों ने अपनी सांस्कृतिक, कलात्मक और रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में क्षेत्रीय महाप्रबंधक मनोज बिश्नोई एवं जागृति महिला समिति की अध्यक्षा डॉ. सरोज बाला बिश्नोई मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् एवं कोल इंडिया गीत की सामूहिक प्रस्तुति से हुई। इसके बाद प्रबंधक (कल्याण) ने दो दिवसीय महोत्सव की गतिविधियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जबकि चयनित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय महाप्रबंधक मनोज बिश्नोई ने कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं की सृजनात्मक क्षमता, आत्मविश्वास और नेतृत्व कौशल को नई दिशा देते हैं तथा संगठन में सांस्कृतिक मूल्यों और पारिवारिक सौहार्द को मजबूत बनाते हैं।
वहीं डॉ. सरोज बाला बिश्नोई ने कहा कि नारी केवल परिवार की आधारशिला ही नहीं, बल्कि समाज की सांस्कृतिक चेतना और रचनात्मक शक्ति की सशक्त वाहक है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के उत्साह, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए सफल आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई दी।
प्रतियोगिताओं में प्रतिभाओं ने बिखेरा हुनर
महोत्सव के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन किया। मेहंदी प्रतियोगिता में रत्नी साहू, आर्ट एंड क्राफ्ट में विंसी सिंह, रंगोली एवं पेंटिंग-ड्राइंग में यामिनी यादव विजेता रहीं। एकल गीत में दीपिका मिश्रा एवं प्रतिमा भोई को सम्मानित किया गया।
मोनो एक्ट प्रतियोगिता में ए. कचलम, ज्योति खैरवार, नीलू, राखी, कु. भारती, शबनम तथा मुक्ता सिंह (साइलेंट एक्ट) ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। एंकरिंग प्रतियोगिता में विमला पटेल ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।
नाटक प्रतियोगिता में मंजुला ई. मैथ्यूज़, पूजा सिंह, रंजना सोनी, सुनंदा लकड़ा, जय प्रभा एवं सुमिता लकड़ा की टीम प्रथम रही, जबकि मुक्ता सिंह, स्वाति पटेल, भारती, कुंती, धनेश्वरी, विनिता एवं आरती की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
समापन दिवस पर आयोजित समूह गीत प्रतियोगिता में पूजा पाण्डेय एवं सुधा शर्मा की जोड़ी विजेता बनी। समूह नृत्य में ज्योति खैरवार एवं टीम प्रथम तथा ए. कचलम एवं टीम द्वितीय रही। एकल नृत्य प्रतियोगिता में श्रीमती चंदा नामदेव प्रथम एवं प्रतिमा भोई द्वितीय स्थान पर रहीं।
समारोह में सभी विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। साथ ही निर्णायक मंडल, आयोजकों और अतिथियों का भी सम्मान किया गया।
विशेष बात यह रही कि महोत्सव के विजेता प्रतिभागियों को अब बिलासपुर में आयोजित होने वाले एसईसीएल के ग्रैंड फाइनल “नारी राग-रंग महोत्सव” में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने का अवसर मिलेगा। महिला सशक्तिकरण, सांस्कृतिक समृद्धि और रचनात्मक अभिव्यक्ति को समर्पित इस महोत्सव का समापन उत्साह, उल्लास और प्रेरणा के माहौल में हुआ।
खबर जागरण न्यूज (देश की आवाज) एमसीबी


