एमसीबी में भाजपा व्यवसायिक प्रकोष्ठ को मिला नया जिला संयोजक, विवेक अग्रवाल की नियुक्ति
राजेश सिन्हा 8319654988
मनेन्द्रगढ़। भारतीय जनता पार्टी ने संगठन विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता एवं सामाजिक कार्यकर्ता विवेक अग्रवाल को भाजपा व्यवसायिक प्रकोष्ठ का एमसीबी जिला संयोजक नियुक्त किया है। यह नियुक्ति भाजपा व्यवसायिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक कार्तिकेय स्वर्णकार द्वारा भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती चंपा देवी पावले की अनुशंसा पर की गई है। नियुक्ति की घोषणा के बाद जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं एवं व्यापारी वर्ग में खुशी का माहौल है।
विवेक अग्रवाल लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी के सक्रिय एवं समर्पित कार्यकर्ता के रूप में संगठन से जुड़े रहे हैं। इससे पहले वे भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला महामंत्री, भाजपा व्यापारी प्रकोष्ठ के संभागीय प्रभारी सहित संगठन के विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुके हैं। संगठनात्मक अनुभव, कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर समन्वय और व्यापारी समाज में उनकी सक्रिय भूमिका को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें यह नई जिम्मेदारी सौंपी है।
नियुक्ति की जानकारी मिलते ही भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों ने विवेक अग्रवाल को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। बधाई देने वालों में संजीव सिंह, महेंद्र पाल सिंह, दयाशंकर यादव, रोहित वर्मा, आलोक जायसवाल, सुरेश श्रीवास्तव, धर्मेंद्र पटवा और सरजू यादव सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं व्यापारी वर्ग के लोग शामिल रहे।
नवनियुक्त जिला संयोजक विवेक अग्रवाल ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह दायित्व उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि वे व्यवसायिक प्रकोष्ठ के माध्यम से जिले के व्यापारियों को संगठन से और अधिक मजबूती से जोड़ने, उनकी समस्याओं को पार्टी मंच तक पहुंचाने तथा केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी व्यापारी वर्ग तक पहुंचाने का कार्य प्राथमिकता से करेंगे।
उन्होंने प्रदेश संयोजक कार्तिकेय स्वर्णकार, भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती चंपा देवी पावले एवं पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास दिलाया कि सभी कार्यकर्ताओं के सहयोग से संगठन को जिले में और अधिक मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य किया जाएगा। भाजपा संगठन ने इस नियुक्ति को व्यापारी वर्ग के बीच संगठन की सक्रियता बढ़ाने और संगठन विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।
