“ये दिन दूर नहीं जब काफिला चलेगा” – एमसीबी में कायस्थ महासभा परिवार की बैठक संपन्न
राजेश सिन्हा,8319654988
मनेंद्रगढ़।एमसीबी जिला मुख्यालय मनेंद्रगढ़ में कायस्थ महासभा परिवार की महत्वपूर्ण बैठक वरिष्ठ समाजसेवी बी.के. श्रीवास्तव के निवास पर आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कायस्थ परिवार के सदस्य शामिल हुए। सभी सदस्यों ने अपना परिचय देते हुए समाज की मजबूती, संगठन के विस्तार और सामाजिक गतिविधियों को लेकर अपने-अपने सुझाव एवं विचार साझा किए।
बैठक को संबोधित करते हुए सुषमा श्रीवास्तव ने कहा, “ये दिन दूर नहीं जब हमारा काफिला और भी बड़ा होगा। समाज की एकजुटता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है।” उनके इस संदेश का उपस्थित सदस्यों ने तालियों के साथ स्वागत किया।
बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर सहमति बनी। महिलाओं द्वारा सावन उत्सव का आयोजन करने, NEET परीक्षा में सफल छात्रों का सम्मान करने, संगठन को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक सदस्य से प्रतिमाह 100 रुपये का सहयोग लेने, कायस्थ परिवार की ओर से वृक्षारोपण अभियान चलाने तथा हर तीन माह में नियमित बैठक आयोजित करने पर विस्तृत चर्चा हुई।
सभी सदस्यों ने समाज को संगठित एवं सक्रिय बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। बैठक का उद्देश्य सामाजिक समरसता, युवाओं को प्रोत्साहन और समाजहित के कार्यों को गति देना रहा। यह बैठक सामाजिक एकता, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और संगठनात्मक मजबूती की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
खबर जागरण न्यूज (देश की आवाज) एमसीबी
