बकायादारों पर नगर पालिका सख्त, वार्ड 9 में छह घरों के नल कनेक्शन काटे
राजेश सिन्हा 8319654988
मनेंद्रगढ़ एमसीबी। नगर पालिका परिषद मनेंद्रगढ़ ने बकाया कर वसूली को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई तेज कर दी है। नगर पालिका अधिकारी इशहाक खान के निर्देश पर वार्ड क्रमांक 1 से 22 तक के उन करदाताओं को तत्काल बकाया राशि जमा करने के निर्देश जारी किए गए हैं, जिन पर जलकर सहित अन्य कर लंबित हैं।
नगर पालिका प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि समय सीमा के भीतर बकाया जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ नल कनेक्शन बंद करने की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। इसी कार्रवाई के तहत वार्ड क्रमांक 9 में छह बकायादार घरों के नल कनेक्शन काट दिए गए हैं।
नगर पालिका की टीम वार्डों में पहुंचकर बकायादारों को नोटिस देने के साथ वसूली अभियान चला रही है। अधिकारियों का कहना है कि शहर में जलापूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और नगर विकास कार्यों को गति देने के लिए कर वसूली बेहद जरूरी है।
नगर पालिका प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि वे समय रहते अपना बकाया कर जमा कर दें, जिससे किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
