दसवीं बोर्ड में अच्छे अंक लाने सकारात्मक सोच और नियमित अध्ययन जरूरी – शिप्रा तिवारी
राजेश सिन्हा 8319654988
मनेन्द्रगढ़। वर्ष 2023-24 में माध्यमिक शिक्षा मंडल हाई स्कूल परीक्षा की प्रावीण्य सूची में दसवां स्थान प्राप्त करने वाली प्रतिभाशाली छात्रा शिप्रा तिवारी ने शासकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय, शिक्षा विभाग मनेन्द्रगढ़ में कक्षा दसवीं की छात्राओं को परीक्षा की तैयारी को लेकर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया।
इस अवसर पर शिप्रा तिवारी ने छात्राओं को नियमित अध्ययन करने, सकारात्मक सोच बनाए रखने तथा ब्लूप्रिंट के आधार पर गत वर्षों के प्रश्नपत्रों का अभ्यास करने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि छात्राएं स्व-अध्ययन को प्राथमिकता दें और उत्तर पुस्तिका में लिखने की सही पद्धति अपनाएं। साथ ही परीक्षा अवधि तक मोबाइल फोन, अनावश्यक चर्चा और नए प्रयोगों से दूरी बनाकर कठिन विषयों एवं पाठों पर विशेष ध्यान देने की बात कही। शिप्रा ने छात्राओं से सादा भोजन, पर्याप्त नींद और स्वास्थ्य का भी विशेष ध्यान रखने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के दौरान शिप्रा तिवारी के पिता दिव्यानंद तिवारी ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि बच्चों पर अनावश्यक दबाव न बनाएं और पढ़ाई के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करें।
विद्यालय की प्राचार्य अर्चना वैष्णव ने शिप्रा तिवारी द्वारा दिए गए मार्गदर्शन को उपयोगी बताते हुए छात्राओं को अच्छे अंक प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया और शुभकामनाएं दीं। वहीं नारायण तिवारी ने उत्तर पुस्तिका में बेहतर ढंग से लिखने की कला पर प्रकाश डालते हुए शिप्रा को सफलता के लिए बधाई दी।
कार्यक्रम के अंत में टी. विजय गोपाल राव ने दिव्यानंद तिवारी एवं शिप्रा तिवारी का विद्यालय पहुंचकर छात्राओं का मार्गदर्शन करने के लिए आभार व्यक्त किया तथा उन्हें शाल-श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।

