मनेन्द्रगढ़ की बेटी दामिनी साहू ने रचा इतिहास, शास्त्रीय गायन में जीता स्वर्ण पदक
राजेश सिन्हा 8319654988
मनेन्द्रगढ़ ।(विशेष रिपोर्ट) नगर के लिए गर्व का विषय बनते हुए संगीत के क्षेत्र में मनेन्द्रगढ़ को एक और स्वर्णिम उपलब्धि प्राप्त हुई है। नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 17 की निवासी, श्री प्रवीण कुमार साहू एवं श्रीमती दामिनी साहू की सुपुत्री दामिनी साहू ने शास्त्रीय संगीत (वोकल म्यूजिक) में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर नगर का नाम रोशन किया है।
इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़ (छत्तीसगढ़) द्वारा आयोजित शैक्षणिक सत्र 2023-24 की प्रवेश परीक्षा में दामिनी साहू ने वोकल म्यूजिक (शास्त्रीय गायन) विषय में सर्वोच्च अंक प्राप्त कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस उपलब्धि के लिए विश्वविद्यालय के 17वें दीक्षांत समारोह के गरिमामय कार्यक्रम में उन्हें छत्तीसगढ़ के राज्यपाल एवं कुलाधिपति के करकमलों से स्वर्ण पदक एवं प्रमाण पत्र प्रदान किया गया, साथ ही विशेष प्रशस्ति भी दी गई।
दामिनी साहू की यह सफलता वर्षों की सतत साधना, कठोर परिश्रम और अनुशासन का परिणाम है। उन्हें प्रारंभिक संगीत शिक्षा घर पर ही प्रसिद्ध संगीत गुरु श्री रामगोपाल प्रजापति (गुरुजी) के मार्गदर्शन में प्राप्त हुई। गुरुजी द्वारा दी गई मजबूत बुनियाद, नियमित रियाज़ और शास्त्रीय संगीत की गहन समझ ने उनकी प्रतिभा को निखारने में अहम भूमिका निभाई। आगे चलकर दामिनी ने औपचारिक संगीत शिक्षा के माध्यम से अपनी साधना को और सशक्त किया।
माता-पिता ने दामिनी की संगीत के प्रति रुचि को पहचानते हुए हर स्तर पर सहयोग प्रदान किया और साधना के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया। दामिनी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से न केवल उनका परिवार, बल्कि पूरा मनेन्द्रगढ़ नगर गौरवान्वित महसूस कर रहा है।
नगरवासियों, शिक्षकों, शुभचिंतकों एवं संगीत प्रेमियों ने दामिनी साहू को इस सफलता पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। यह उपलब्धि मनेन्द्रगढ़ के युवाओं, विशेषकर संगीत के क्षेत्र में आगे बढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनकर सामने आई है।

