मनेन्द्रगढ़ में वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन, विद्यार्थियों को मिला सम्मान
मनेन्द्रगढ़ एमसीबी। शासकीय विवेकानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मनेन्द्रगढ़ में वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य एवं गरिमामय आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम प्राचार्य प्रो. श्राबनी चक्रवर्ती के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में आयोजित किया गया, जिसमें नगरपालिका परिषद मनेन्द्रगढ़ की अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा यादव मुख्य अतिथि तथा जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष श्री वीरेन्द्र सिंह राणा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। स्वागत उद्बोधन में प्राचार्य प्रो. चक्रवर्ती ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि वर्षभर साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं खेलकूद गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के साथ-साथ शैक्षणिक सत्र में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक तथा प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।
उन्होंने बताया कि महाविद्यालय को इस वर्ष हिन्दी, इतिहास एवं प्राणिशास्त्र विषयों में स्नातकोत्तर कक्षाएं संचालित करने की स्वीकृति मिलना एक बड़ी उपलब्धि है, जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के नए अवसर मिलेंगे। इसके लिए उन्होंने जनभागीदारी समिति एवं जनप्रतिनिधियों का आभार जताया।
विशिष्ट अतिथि श्री वीरेन्द्र सिंह राणा ने विद्यार्थियों को अनुशासन और नियमितता का महत्व बताते हुए समय के सदुपयोग पर जोर दिया। वहीं मुख्य अतिथि श्रीमती प्रतिमा यादव ने कहा कि पुरस्कार केवल उपलब्धि नहीं, बल्कि भविष्य की जिम्मेदारियों का संकेत भी है।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण एवं अतिथि व्याख्याताओं को भी उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। बड़ी संख्या में उपस्थित छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम को उत्साहपूर्ण बना दिया।
कार्यक्रम का संचालन हिन्दी विभागाध्यक्ष डॉ. सुशील कुमार तिवारी ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन आईक्यूएसी प्रभारी डॉ. अरुणिमा दत्ता ने किया।
राजेश सिन्हा,8319654988
