एमसीबी की नवपदस्थ कलेक्टर संतन देवी जांगड़े ने पत्रकारों से की मुलाकात, पेयजल समस्या और पर्यटन विकास को बताया प्राथमिकता
मनेंद्रगढ़। एमसीबी जिले की नवपदस्थ कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े ने मंगलवार को “प्रेस से मिलिए” कार्यक्रम के तहत एमसीबी प्रेस क्लब के पत्रकार भवन पहुंचकर जिले के पत्रकारों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने पत्रकार भवन एवं प्रेस पार्क का निरीक्षण किया तथा प्रेस क्लब द्वारा किए गए कार्यों की सराहना करते हुए बधाई दी।
कार्यक्रम में कलेक्टर ने सभी पत्रकारों से परिचय प्राप्त किया और जिले के विकास एवं प्रशासनिक प्राथमिकताओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि पदभार ग्रहण करने के बाद बीते 20 दिनों में सबसे अधिक शिकायतें और समस्याएं पेयजल व्यवस्था से संबंधित प्राप्त हुई हैं, जिनके समाधान के लिए प्रशासन लगातार प्रयासरत है।
पत्रकारों द्वारा पूछे गए विभिन्न प्रश्नों का उत्तर देते हुए कलेक्टर जांगड़े ने कहा कि एमसीबी जिले में पर्यटन विकास की अपार संभावनाएं हैं, जिन्हें आगे बढ़ाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि मनेंद्रगढ़ शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है।
कलेक्टर ने जानकारी दी कि जनकपुर में जल्द ही टीएल (टाइम लिमिट) बैठक एवं जनदर्शन कार्यक्रम प्रारंभ किए जाएंगे, जिससे आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित हो सकेगा।
प्रेस से मिलिए कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जहां पत्रकारों ने जिले से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपने सुझाव भी प्रशासन के समक्ष रखे।
राजेश सिन्हा,8319654988

