मनेन्द्रगढ़ में ACB का बड़ा एक्शन
बिजली विभाग के JE और लाइनमैन ₹9500 रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
मनेंद्रगढ़ एमसीबी। मनेन्द्रगढ़ में शुक्रवार को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी के कार्यालय में दबिश देकर कनिष्ठ अभियंता (JE) और लाइनमैन को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद पूरे बिजली विभाग में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, एक स्थानीय उपभोक्ता ने 5 हॉर्स पावर (HP) मोटर कनेक्शन के लिए बिजली विभाग में आवेदन किया था। आरोप है कि काम कराने के बदले कनिष्ठ अभियंता मनीष बजाज और लाइनमैन राकेश शुक्ला द्वारा ₹10 हजार रिश्वत की मांग की जा रही थी। पीड़ित लगातार चक्कर काटने और पैसों की मांग से परेशान हो चुका था। आखिरकार उसने एंटी करप्शन ब्यूरो से शिकायत कर दी।
ऐसे एंटी करप्शन ब्यूरो ने बिछाया ट्रैप
शिकायत मिलने के बाद ACB टीम ने मामले की गोपनीय जांच की। शिकायत सही पाए जाने पर ट्रैप प्लान तैयार किया गया। योजना के तहत शिकायतकर्ता को ₹9500 देकर बिजली विभाग कार्यालय भेजा गया। जैसे ही दोनों आरोपियों ने रिश्वत की रकम ली, पहले से सादे कपड़ों में मौजूद ACB अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों को पकड़ लिया।
कार्यालय में मचा हड़कंप
अचानक हुई कार्रवाई से बिजली विभाग के कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारी और अधिकारी अपनी सीट छोड़ बाहर निकल आए। ACB टीम ने मौके पर जरूरी दस्तावेज और साक्ष्य भी जुटाए।
भ्रष्टाचार पर सख्त संदेश
फिलहाल दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई ने साफ संदेश दिया है कि सरकारी दफ्तरों में रिश्वतखोरी पर अब लगातार नजर रखी जा रही है और शिकायत मिलने पर तुरंत कार्रवाई हो रही है।
जनता में चर्चा का विषय
मनेन्द्रगढ़ में हुई इस कार्रवाई के बाद आम लोगों के बीच चर्चा तेज है। लोग इसे भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी और साहसिक कार्रवाई मान रहे हैं। वहीं कई उपभोक्ताओं का कहना है कि छोटे-छोटे कामों के लिए विभागों में रिश्वत मांगना आम बात बन चुकी है, ऐसे में ACB की यह कार्रवाई लोगों में भरोसा बढ़ाने वाली है।
राजेश सिन्हा,8319654988
