डाड़ हसवाही में पाव समाज का राज्य स्तरीय सम्मेलन संपन्न, सामाजिक एकता और शिक्षा पर दिया गया जोर
मनेंद्रगढ़। मनेंद्रगढ़ के समीप स्थित ग्राम डाड़ हसवाही में पाव समाज का एक दिवसीय राज्य स्तरीय सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में एमसीबी, कोरबा, बिलासपुर, जीपीएम, मुंगेली, जांजगीर-चांपा सहित प्रदेश के सात जिलों से समाज के प्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ महतारी तथा भगवान महादेव-पार्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। इसके बाद विभिन्न जिलों से पहुंचे अतिथियों और समाज प्रतिनिधियों का पारंपरिक स्वागत-सत्कार किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि पूर्व विधायक भरतपुर-सोनहत एवं भाजपा जिला अध्यक्ष चंपा देवी पावले ने कहा कि पाव समाज छत्तीसगढ़ की प्रमुख जनजातीय समुदायों में से एक है, जो अपनी संस्कृति, परंपरा और जीवन मूल्यों के प्रति समर्पित है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और कुरीतियों के त्याग से ही समाज विकास की मुख्यधारा से जुड़ सकता है। समाज के लोगों को आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होकर आगे बढ़ने की आवश्यकता है।
विशिष्ट अतिथि एवं जनजाति गौरव समाज सरगुजा संभाग के अध्यक्ष परमेश्वर सिंह मरकाम ने कहा कि किसी भी समाज के समग्र विकास के लिए सांस्कृतिक विरासत को सहेजते हुए संगठनात्मक एकता बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने समाज के लोगों से अपनी परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण के लिए जागरूक रहने का आह्वान किया।
पाव समाज के प्रदेश अध्यक्ष दयाराम पाव ने स्वागत भाषण देते हुए कहा कि समाज के अधिकार, न्याय और विकास के लिए एकता सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने अशिक्षा, अंधविश्वास, नशापान, छुआछूत और अन्य सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ संगठित प्रयास करने पर बल दिया।
सम्मेलन में समाज के सर्वांगीण विकास के लिए कई महत्वपूर्ण संकल्प लिए गए। इनमें समाज को शत-प्रतिशत शिक्षित बनाने, बाल विवाह, जात-पात, छुआछूत, जादू-टोना, भूत-प्रेत जैसी कुरीतियों और अंधविश्वासों का त्याग करने तथा समाज में जागरूकता बढ़ाने का संकल्प प्रमुख रहा।
कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष रघुवर सिंह पाव, प्रांतीय संरक्षक मेजर वीर सिंह पवार, नर्मदा प्रसाद पाव, रघुनाथ सिंह, महेंद्र सिंह, कमलेश्वर सिंह, बाबूलाल पाव, रामलाल पाव, महेश लाल पाव सहित विभिन्न जिलों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन आनंद सिंह पाव ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन प्रदेश अध्यक्ष दयाराम पाव द्वारा किया गया। सम्मेलन का समापन सामाजिक एकता, शिक्षा और समाज सुधार के संकल्प के साथ हुआ।
राजेश सिन्हा,8319654988
