अंतरराष्ट्रीय मास्टर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे ओपी विश्वकर्मा
एमसीबी/झगराखाण्ड। एमसीबी जिले के लिए गौरव का विषय है कि झगराखाण्ड निवासी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष ओमप्रकाश विश्वकर्मा (ओपी) सिंगापुर में आयोजित होने वाली दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय मास्टर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 6 और 7 जून 2026 को सिंगापुर में आयोजित होगी। इंडिया मास्टर एथलेटिक्स टीम की ओर से चयनित ओपी विश्वकर्मा अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे। वे 4 जून की रात कोलकाता स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से सिंगापुर के लिए रवाना होंगे।
ओपी विश्वकर्मा प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश के लिए पदक जीतने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेंगे। उनके चयन से जिले सहित पूरे क्षेत्र में हर्ष और उत्साह का माहौल है। खेल प्रेमी, सामाजिक संगठन और नागरिक उन्हें शुभकामनाएं देते हुए शानदार प्रदर्शन की कामना कर रहे हैं।
गौरतलब है कि ओपी विश्वकर्मा इससे पहले भी कई राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेकर जिले, प्रदेश और देश का नाम रोशन कर चुके हैं। उनके अनुभव और उपलब्धियों को देखते हुए खेल जगत को उनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।
एथलेटिक्स संघ के पदाधिकारियों और वरिष्ठ खिलाड़ियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ओपी विश्वकर्मा की यह उपलब्धि जिले के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।
क्षेत्रवासियों ने विश्वास जताया है कि ओपी विश्वकर्मा सिंगापुर में भी अपने शानदार प्रदर्शन से भारत का तिरंगा बुलंद करेंगे और जिले का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करेंगे।
राजेश सिन्हा,8319654988
