कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई : केल्हारी में बीज और कीटनाशक दुकानों पर औचक छापा, कई अनियमितताएं उजागर
केल्हारी,एमसीबी। खरीफ सीजन के दौरान किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज एवं कृषि आदान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि विभाग की उड़नदस्ता टीम ने केल्हारी क्षेत्र में बीज एवं कीटनाशक विक्रेताओं की दुकानों पर औचक निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान कई दुकानों में नियमों के उल्लंघन और अभिलेखों में अनियमितताएं पाए जाने पर संबंधित संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बीज, उर्वरक एवं कीटनाशक के भंडारण, बिक्री अभिलेख, स्टॉक रजिस्टर, लाइसेंस एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की गहन जांच की। जांच में कई दुकानों में निर्धारित मानकों का पालन नहीं पाए जाने पर संबंधित व्यापारियों से जवाब तलब किया गया है।
कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं करने वाले दुकानदारों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इसमें लाइसेंस निरस्तीकरण के साथ-साथ एफआईआर दर्ज कराने जैसी कानूनी कार्यवाही भी शामिल हो सकती है।
यह संयुक्त निरीक्षण कार्रवाई जिला स्तरीय निरीक्षक एवं नोडल अधिकारी महेश पैकरा (सहायक भूमि संरक्षण अधिकारी, मनेंद्रगढ़) के नेतृत्व में संपन्न हुई। दल में जयंत पैकरा (सहायक संचालक कृषि), रवि गुप्ता (वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, मनेंद्रगढ़), जितेंद्र झा (बीज निरीक्षक), ओमप्रकाश श्रीवास (ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी) सहित राजस्व विभाग से तहसीलदार केल्हारी सतरूपा साहू, राजस्व निरीक्षक रामप्रताप सिंह एवं पटवारी सरस्वती गुप्ता शामिल रहे।
अधिकारियों ने बताया कि किसानों के हितों की रक्षा और कृषि आदानों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जिलेभर में इस प्रकार की जांच एवं निगरानी अभियान लगातार जारी रहेगा। किसानों से भी अपील की गई है कि वे केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही बीज एवं कृषि सामग्री खरीदें तथा किसी भी प्रकार की शिकायत होने पर तत्काल कृषि विभाग को सूचना दें।
राजेश सिन्हा,8319654988
