समपार फाटक जागरूकता अभियान-2026 के तहत लोगों को किया गया जागरूक
मनेंद्रगढ़, 06 जून। रेलवे द्वारा संचालित “समपार फाटक जागरूकता अभियान-2026” के अंतर्गत शनिवार को मनेंद्रगढ़-पाराडोल सेक्शन के मध्य स्थित मानवयुक्त समपार फाटक बीसी-03 पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य आमजन को रेलवे समपार फाटकों को सुरक्षित तरीके से पार करने के संबंध में जागरूक करना था।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने लोगों को रेलवे ट्रैक पार करते समय बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी तथा सुरक्षा संबंधी पंपलेट वितरित किए। अधिकारियों ने बताया कि समपार फाटक बंद होने की स्थिति में किसी भी प्रकार की जल्दबाजी न करें तथा फाटक खुलने के बाद ही रेलवे लाइन पार करें। उन्होंने रेलवे सुरक्षा नियमों का पालन कर दुर्घटनाओं से बचने की अपील की।
इस जागरूकता अभियान में रेलवे सुरक्षा बल मनेंद्रगढ़ के प्रभारी निरीक्षक भरत कुमार चौधरी, मंडल यातायात निरीक्षक अभय कुमार, मुख्य लोको निरीक्षक आर. एस. ठाकुर, सेफ्टी काउंसलर बिजुरी अमित चौरसिया तथा केंद्रीय विद्यालय मनेंद्रगढ़ के छात्र संकल्प चौरसिया शामिल रहे। सभी ने लोगों को समपार फाटक पर सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक किया और सुरक्षित रेल यात्रा एवं आवागमन का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान समपार फाटक पर तैनात गेटमैन सनी कुमार की भी सुरक्षा संबंधी काउंसिलिंग की गई तथा उन्हें रेलवे सुरक्षा मानकों का सतत पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।
रेलवे अधिकारियों ने कहा कि ऐसे जागरूकता अभियान भविष्य में भी जारी रहेंगे ताकि रेल दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम किया जा सके और आमजन में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।
राजेश सिन्हा, 8319654988
