मनेन्द्रगढ़ में छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन की बैठक संपन्न
संगठन विस्तार, गौसेवा और सामाजिक सुधार को लेकर लिये गये अहम निर्णय
राजेश सिन्हा, 8319654988
मनेन्द्रगढ़। राजस्थान भवन में रविवार को अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन की प्रांतीय स्तरीय बैठक और सामाजिक समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश भर से आये पदाधिकारियों, समाज के वरिष्ठजनों और स्थानीय अग्रवाल समाज के सदस्यों ने भाग लिया। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, जनसेवा गतिविधियों का विस्तार करने, युवाओं की भागीदारी बढ़ाने तथा सामाजिक सुधार से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
कार्यक्रम में अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अशोक अग्रवाल, सरगुजा संभागीय अग्रवाल महासभा के अध्यक्ष पवन अग्रवाल (पत्थलगांव), मनेन्द्रगढ़ अग्रवाल सभा के संरक्षक रतनलाल अग्रवाल, अध्यक्ष सुरेश गोयल, अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के जिला अध्यक्ष रघुनाथ पोद्दार, मारवाड़ी युवा मंच के अध्यक्ष मनीष गोयल, मारवाड़ी युवा मंच तेजस्विनी शाखा की अध्यक्षा अनीता फरमानिया सहित प्रदेशभर से आए पदाधिकारी उपस्थित रहे।
प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अशोक अग्रवाल ने संगठन की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए कहा कि समाज सेवा को और अधिक व्यापक बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, विवाह सहायता, रोजगार, रक्तदान, नेत्रदान और अन्य सेवा कार्यों को संगठन की प्राथमिकता बताते हुए इन्हें अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने युवाओं को संगठन से जोड़कर समाजहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान भी किया।
बैठक के दौरान अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के जिला अध्यक्ष रघुनाथ पोद्दार ने जल्द ही जिला कार्यकारिणी के विस्तार की घोषणा की। उन्होंने जिले में गौसेवा का एक विशेष प्रकल्प शुरू करने का संकल्प भी व्यक्त किया। साथ ही समाज में बढ़ती प्री-वेडिंग शूट की प्रवृत्ति को सामाजिक कुरीति बताते हुए इसे हतोत्साहित करने का प्रस्ताव रखा, जिस पर प्रदेशभर से आए विभिन्न अग्रवाल संगठनों के प्रतिनिधियों ने सहमति जताई।
कार्यक्रम स्थल पर संगठन द्वारा संचालित विभिन्न जनसेवा योजनाओं की प्रदर्शनी भी लगाई गई। इसमें मंगल परिणय, निःशुल्क सामूहिक विवाह, उच्च शिक्षा सहायता, स्वास्थ्य सेवाएं, रक्तदान, नेत्रदान, एम्बुलेंस सेवा, रोजगार सहायता एवं कौशल विकास जैसी योजनाओं की जानकारी दी गई।
बैठक के समापन पर मनेन्द्रगढ़ अग्रवाल सभा, मारवाड़ी युवा मंच, मारवाड़ी युवा मंच तेजस्विनी शाखा तथा अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन जिला कोरिया/एमसीबी की ओर से प्रदेशभर से आए अतिथियों एवं पदाधिकारियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया गया। सभी ने सामाजिक एकता, सेवा, संस्कार और संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
खबर जागरण न्यूज (देश की आवाज) एमसीबी
