जागो सेवा संस्थान ने किया गुरुजनों का सम्मान
बंजी/मनेन्द्रगढ़। शिक्षक दिवस 2026 के अवसर पर जागो सेवा संस्थान, बंजी के तत्वावधान में शासकीय प्राथमिक विद्यालय दक्षिण पारा, बंजी के प्रांगण में गुरुजनों के सम्मान एवं शिक्षक दिवस समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षक, जनप्रतिनिधि, ग्रामीणजन, विद्यार्थी एवं जागो सेवा संस्थान के पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं पूर्व राष्ट्रपति व महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के छायाचित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने शिक्षा, संस्कार और गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व को स्मरण करते हुए गुरुजनों के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
जागो सेवा संस्थान के अध्यक्ष परमेश्वर सिंह मरकाम ने कहा कि संस्थान द्वारा विगत कई वर्षों से शिक्षक दिवस पर गुरुजनों का सम्मान किया जाता रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को अज्ञान के अंधकार से निकालकर ज्ञान और प्रकाश की ओर ले जाने वाला मार्गदर्शक होता है। माता-पिता जन्म देते हैं, जबकि गुरु ज्ञान, संस्कार और जीवन की सही दिशा प्रदान करता है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त शिक्षक भागवत सिंह, ग्राम पंचायत मेरो, ने अपने शिक्षकीय जीवन के अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों एवं युवाओं को लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत और लगन से आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षक की भूमिका विद्यालय तक सीमित नहीं रहती, बल्कि वह समाज के निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान देता है।
अतिथि प्रधान पाठक संजय कुमार श्रीवास्तव, गुरचहवा ने शिक्षा को सामाजिक विकास की आधारशिला बताते हुए कहा कि शिक्षा व्यक्ति को जागरूक, आत्मनिर्भर और जिम्मेदार नागरिक बनाती है। उन्होंने विद्यार्थियों से अच्छे अंक प्राप्त करने के साथ-साथ नैतिक मूल्यों, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी को भी जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
समारोह में विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अतिथियों एवं ग्रामीणजनों का मन मोह लिया। बच्चों की प्रस्तुतियों से कार्यक्रम स्थल पर उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त शिक्षक भागवत सिंह को प्रतीक चिन्ह, शाल एवं श्रीफल भेंट कर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। वहीं उपस्थित शिक्षक-शिक्षिकाओं को श्रीफल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य रामजीत भगत उर्फ भगत बाबू, प्रधान पाठक बंजी अशोक कुमार मंडल, हाई स्कूल बंजी के प्राचार्य श्री तिवारी, व्याख्याता प्रियंका श्रीवास्तव, नीलेश्वरी देवांगन, सुषमा साहू, शिक्षक नर्मदा सिंह, चंद्रप्रकाश वर्मा, मेवालाल, अमित राय सहित अन्य शिक्षक, शाला प्रबंधन समिति के पदाधिकारी, ग्रामीणजन एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में जागो सेवा संस्थान के सचिव एवं शिक्षक नभाग सिंह तथा उपाध्यक्ष आनंद भगत की विशेष भूमिका रही। अंत में उपाध्यक्ष आनंद भगत ने सभी अतिथियों, शिक्षकगण, ग्रामीणजनों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इसके पश्चात उपस्थित लोगों को स्वल्पाहार कराया गया।
शिक्षक दिवस पर आयोजित यह समारोह गुरुजनों के सम्मान के साथ शिक्षा, संस्कार और गुरु-शिष्य परंपरा की गरिमा को मजबूत करने का संदेश दे गया।
राजेश सिन्हा,8319654988

