‘एक पेड़ मां के नाम’ से प्रेरित होकर हस्तिनापुर में 700 पौधों का रोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
हस्तिनापुर/एमसीबी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान “एक पेड़ मां के नाम” से प्रेरणा लेते हुए ग्राम पंचायत हस्तिनापुर में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सराहनीय पहल की गई। करीब चार ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से लगभग 700 पौधों का रोपण कर हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण को सुरक्षित रखने का संकल्प लिया।
पौधरोपण कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष जानकी बाई खुसरो सहित सरपंच, पंच और बड़ी संख्या में ग्रामवासी शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि लगाए गए पौधों को बड़ा होने तक सुरक्षित रखने और उनकी नियमित देखभाल सुनिश्चित करना भी रहा।
पौधों के संरक्षण की भी बनी योजना
पौधरोपण के बाद पौधों की सुरक्षा को लेकर भी विशेष पहल की गई। सुरेश श्रीवास्तव ने पौधों को मवेशियों और अन्य नुकसान से बचाने के लिए तार से घेराव कराने तथा नियमित पानी की व्यवस्था करने का भरोसा दिलाया। इससे स्पष्ट है कि पर्यावरण संरक्षण केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहकर उनके संरक्षण और संवर्धन से ही सार्थक होगा।
‘पेड़ हैं तो जीवन है’
इस अवसर पर ग्रामीणों ने कहा कि पेड़-पौधे हमारे जीवन का आधार हैं। वे वातावरण को स्वच्छ रखने के साथ हमें शुद्ध ऑक्सीजन प्रदान करते हैं और गर्मी कम करने, मिट्टी के संरक्षण तथा जीव-जंतुओं के लिए प्राकृतिक आवास उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
ग्रामीणों का कहना था कि आज लगाए गए पौधे आने वाली पीढ़ियों के लिए हरियाली, छाया और स्वच्छ हवा की विरासत बनेंगे। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाने के साथ उसकी जिम्मेदारी भी उठानी चाहिए।
सामूहिक प्रयास बना मिसाल
चार ग्राम पंचायतों के लोगों का एकजुट होकर 700 पौधे लगाना ग्रामीण क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण के प्रति बढ़ती जागरूकता का संदेश देता है। कार्यक्रम में शामिल लोगों ने संकल्प लिया कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल की जाएगी और उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
राजेश सिन्हा,8319654988

