युवा मतदाता बने जागरूक, लोकतंत्र में भागीदारी का लिया संकल्प
महाविद्यालय में निर्वाचन साक्षरता क्लब द्वारा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
मनेन्द्रगढ़। शासकीय विवेकानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय एवं शासकीय नवीन कन्या महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में निर्वाचन साक्षरता क्लब के अंतर्गत निर्वाचन साक्षरता जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. श्राबनी चक्रवर्ती के मार्गदर्शन एवं संरक्षण में आयोजित हुआ। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं एवं नवमतदाताओं को निर्वाचन के महत्व, मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया तथा नैतिक एवं जागरूक मतदान के प्रति सजग करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री अनिल कुमार सिदार, अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी, जिला एमसीबी ने अपने उद्बोधन में कहा कि सशक्त लोकतंत्र के लिए प्रत्येक युवा की निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि केवल मतदान करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि जागरूक एवं जिम्मेदार मतदान लोकतंत्र को मजबूत आधार प्रदान करता है।
कार्यक्रम की अगली कड़ी में सुश्री नेहा खलको, डिप्टी कलेक्टर, जिला एमसीबी ने एस.आई.आर. का संक्षिप्त परिचय देते हुए लोकतंत्र के सशक्तीकरण में नवमतदाताओं की भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने युवाओं से निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त करने तथा अपने मताधिकार के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि श्री सतीश कुमार द्विवेदी, जिला निर्वाचन पर्यवेक्षक ने निर्वाचन साक्षरता जागरूकता कार्यक्रम एवं निर्वाचन साक्षरता क्लब के गठन की अवधारणा पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि निर्वाचन साक्षरता क्लब का उद्देश्य नवमतदाताओं एवं भावी मतदाताओं में भारत की निर्वाचन प्रणाली एवं चुनावी प्रक्रिया की समझ विकसित करना है। इसके माध्यम से युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों, निर्वाचन प्रक्रिया तथा भारत निर्वाचन आयोग की भूमिका एवं कार्यप्रणाली से परिचित कराया जाता है, ताकि वे लोकतांत्रिक व्यवस्था में जागरूक एवं जिम्मेदार भागीदार बन सकें।
कार्यक्रम में श्री उपेंद्र कुमार, सहायक प्रोग्रामर, जिला निर्वाचन कार्यालय ने ‘ECI-NET’ एप के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की। उन्होंने इसे भारत निर्वाचन आयोग के मार्गदर्शन में विकसित डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में समझाते हुए इसके माध्यम से मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया को व्यावहारिक रूप से समझाया। विद्यार्थियों को डिजिटल माध्यम से निर्वाचन संबंधी सेवाओं का उपयोग करने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. श्राबनी चक्रवर्ती ने की। कार्यक्रम का प्रभावी मंच संचालन जिला स्वीप नोडल एवं गृह विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. सरोज बाला श्याग बिश्नोई ने किया। अंत में महाविद्यालय निर्वाचन साक्षरता क्लब की नोडल अधिकारी डॉ. नसीमा बेगम अंसारी ने अतिथियों, प्राध्यापकों, विद्यार्थियों एवं आयोजन से जुड़े सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में महाविद्यालय की वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. रश्मि तिवारी, डॉ. प्रभा राज, अरुणिमा दत्ता, भीमसेन भगत, रंजीत मणि सतनामी, स्मृति अग्रवाल, सुनील कुमार गुप्ता एवं कमलेश पटेल, समस्त अतिथि व्याख्याताओं तथा कार्यालयीन स्टाफ बी.एल. शुक्ला, माया देवी, पारुल, अवंतिका, कमलू सिंह मार्को, लड्डू गोपाल, सतीश सोनी, सोहित, ममता, पारसनाथ एवं प्रदीप मलिक की सक्रिय भूमिका रही।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में मताधिकार, निर्वाचन प्रक्रिया एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता विकसित करने का सार्थक प्रयास किया गया। नवमतदाताओं ने निर्वाचन प्रक्रिया को समझने, अपने मताधिकार का जिम्मेदारीपूर्वक प्रयोग करने तथा लोकतंत्र को सशक्त बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश ग्रहण किया।
राजेश सिन्हा,8319654988

