कैट ने व्यापारियों को बांटी 2 लाख रुपये की चिल्लर
करीब 100 व्यापारियों को मिली राहत, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया का रहा सहयोग
मनेन्द्रगढ़। बाजार में चिल्लर की कमी के कारण व्यापारियों और ग्राहकों को होने वाली परेशानी को देखते हुए कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने पहल करते हुए व्यापारियों को चिल्लर उपलब्ध कराई। कैट ने सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के सहयोग से करीब 100 व्यापारियों को लगभग 2 लाख रुपये की चिल्लर वितरित की।
इस दौरान प्रत्येक व्यापारी को करीब 2 हजार रुपये की चिल्लर उपलब्ध कराई गई। चिल्लर की कमी के चलते रोजमर्रा के लेन-देन में व्यापारियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। चिल्लर उपलब्ध होने से व्यापारियों ने राहत महसूस की।
कैट के जिला अध्यक्ष रघुनाथ पोद्दार के नेतृत्व में उनकी टीम ने व्यापारियों तक चिल्लर पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस पहल में नीरज अग्रवाल, अशोक गुप्ता, रंजीत चोपड़ा, प्रीतेश जायसवाल, सूरज केसरवानी, कृति सोनी, पप्पू जायसवाल एवं मो. सिराज का भी सहयोग रहा।
व्यापारियों ने कैट एवं सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि चिल्लर उपलब्ध होने से ग्राहकों के साथ छोटे-बड़े लेन-देन में सुविधा होगी। संगठन की इस पहल से बाजार में भुगतान संबंधी परेशानियां कम होने की उम्मीद है।
कैट जिला अध्यक्ष रघुनाथ पोद्दार ने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए संगठन लगातार प्रयास करता रहेगा और आवश्यकता के अनुसार आगे भी इस तरह की पहल की जाएगी।
राजेश सिन्हा,8319654988

