दिव्यांग विद्यार्थियों की शिक्षा में जागृति महिला समिति का संवेदनशील योगदान
शैक्षणिक शुल्क के लिए ₹15,480 की सहायता, विद्यार्थियों को वितरित किया गया अल्पाहार
एमसीबी,(हसदेव क्षेत्र)। श्रद्धा महिला मंडल के मार्गदर्शन में जागृति महिला समिति, हसदेव क्षेत्र द्वारा सामाजिक सेवा एवं जनकल्याण के क्षेत्र में लगातार सराहनीय पहल की जा रही है। इसी कड़ी में समिति ने दिव्यांग एवं दृष्टिबाधित विद्यार्थियों की शिक्षा को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से शैक्षणिक सत्र 2026-27 के शिक्षण शुल्क एवं जनभागीदारी शुल्क का भुगतान कर आर्थिक सहयोग प्रदान किया।
समिति की ओर से विद्यार्थियों के शुल्क के लिए कुल ₹15,480 की सहायता प्रदान की गई। इसके साथ ही सभी विद्यार्थियों के लिए अल्पाहार की भी व्यवस्था की गई।
समिति के इस प्रयास का उद्देश्य आर्थिक कठिनाइयों के कारण दिव्यांग विद्यार्थियों की शिक्षा प्रभावित न हो और वे अपनी पढ़ाई निरंतर जारी रखते हुए आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ सकें। शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में जागृति महिला समिति द्वारा किए जा रहे कार्य जरूरतमंद वर्गों के प्रति संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को दर्शाते हैं।
महाविद्यालय की ओर से सौंपा गया पत्र
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय की ओर से डॉ. अरुणिमा दत्ता ने विद्यार्थियों के शुल्क भुगतान से संबंधित प्राचार्य के हस्ताक्षरित पत्र को जागृति महिला समिति, हसदेव क्षेत्र की अध्यक्षा डॉ. सरोज बाला बिश्नोई को सौंपा।
इस अवसर पर डॉ. सरोज बाला बिश्नोई ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने तथा अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रोत्साहित किया।
समिति की सदस्याओं का रहा महत्वपूर्ण योगदान
यह सेवा कार्य श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती शशि दुहन के संरक्षण, मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से तथा जागृति महिला समिति, हसदेव क्षेत्र की अध्यक्षा डॉ. सरोज बाला बिश्नोई के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम को सफल बनाने में रंजीता कुमार, ललिता पटेल, रोसी कुमारी, सुष्मिता मिश्रा, तृप्ति पाण्डेय, माला तिवारी, स्नेह नामदेव, सुमन झाकर, ब्यूटी कुमारी एवं श्रीमती ऋचा जिंदल सहित समिति की सभी सदस्याओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
जागृति महिला समिति की यह पहल दिव्यांग एवं दृष्टिबाधित विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में एक सार्थक प्रयास के रूप में सामने आई है।
राजेश सिन्हा,8319654988

